कुचामन सिटी में स्थानीय ब्लड सेंटरों में रक्त की कमी की जानकारी सामने आने के बाद कुमावत युवा शक्ति ने मानवीय पहल करते हुए 3 मई 2026 को एक विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस आयोजन की जानकारी देते हुए संगठन के अध्यक्ष सत्यनारायण कुमावत ने बताया कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके, इसी उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि “आइए मिलकर करें रक्तदान, हर जीवन को दें नई पहचान” के संदेश के साथ आयोजित यह शिविर समाज के लिए एक सार्थक पहल है। शिविर शिव मंदिर, खारिया रोड, कुचामन सिटी में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगा।
शिविर में कुचामन के राजकीय जिला अस्पताल ब्लड सेंटर और श्याम ब्लड सेंटर की ओर से रक्त संग्रहण किया जाएगा।

कुमावत युवा शक्ति एवं समस्त शहरवासियों के सहयोग से आयोजित इस शिविर को सफल बनाने के लिए अध्यक्ष सत्यनारायण कुमावत ने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है। उनका कहना है कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है, इसलिए सभी नागरिक इस पुण्य कार्य में भागीदारी निभाएं।
