डीडवाना-कुचामन में सर्व ब्राह्मण महासभा का विस्तार: मनोज जोशी बने जिलाध्यक्ष, मिंटू गौड़ को महिला मंडल नगर अध्यक्ष की कमान

डीडवाना-कुचामन जिले में विप्र समाज को संगठित करने और सामाजिक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से सर्व ब्राह्मण महासभा ने अहम नियुक्तियां की हैं। संगठन ने मनोज जोशी को जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, वहीं मिंटू गौड़ को सर्व ब्राह्मण महासभा महिला मंडल कुचामन की नगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों को समाज में नई ऊर्जा और नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है।

गौरतलब है कि मनोज जोशी इससे पहले संगठन के नगर अध्यक्ष मनोनीत किए गए थे। उनकी सक्रियता, संगठन के प्रति समर्पण और समाजहित में निरंतर कार्य को देखते हुए प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने उन्हें पदोन्नत करते हुए जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

इस अवसर पर न्यू कॉलोनी स्थित विप्र समाज के केवीएम विद्यालय में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान नव नियुक्त जिलाध्यक्ष मनोज जोशी ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन के विस्तार की घोषणा की और सर्वसम्मति से मिंटू गौड़ को महिला मंडल कुचामन की नगर अध्यक्ष नियुक्त किया। इसके बाद दोनों नव-नियुक्त पदाधिकारियों का माला पहनाकर और साफा बांधकर भव्य स्वागत किया गया। वरिष्ठजनों ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में गिरीराज खरीट, विमल पारीक, मांगीलाल शर्मा, कमल कुमार पारीक, ओमप्रकाश पारीक एडवोकेट, अनिल धोलिका, सुरेश कुमार गौड़, रामावतार ओझा, कुंजबिहारी जोशी, अमित उपाध्याय, रमेश गौड़, घनश्याम सनातनी, जयप्रकाश शर्मा, गोविंदराम उपाध्याय, योगेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। महिला वर्ग से निर्मला गौड़, अलका जोशी, शिला शर्मा, रेखा शर्मा, चंदा बागड़ा, गरिमा उपाध्याय, अंजू शर्मा, ज्योति शर्मा, ममता शर्मा, कृष्णा पारीक, पुष्पा गौड़ और रेखा गौड़ सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के बाद विप्र समाज ही नहीं बल्कि क्षेत्र की जानी-मानी शख्सियत वैद्य श्याम स्वरूप गौड़ ने अपने निवास पर नव-नियुक्त पदाधिकारियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि समाज सेवा एक साधना है, जो निस्वार्थ भाव से की जाए तो व्यक्ति को सम्मान और पहचान दोनों दिलाती है। मनोज जोशी और मिंटू गौड़ जैसे युवा नेतृत्व समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। यदि वे एकजुटता, शिक्षा और संस्कारों को प्राथमिकता देंगे तो विप्र समाज निश्चित ही नई ऊंचाइयों को छुएगा।

उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलना ही सच्चा नेतृत्व होता है और यही इन पदाधिकारियों की सबसे बड़ी कसौटी भी होगी।

अपनी नियुक्ति पर जिलाध्यक्ष मनोज जोशी और महिला मंडल नगर अध्यक्ष मिंटू गौड़ ने संगठन और समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से 19 अप्रैल को मनाई जाने वाली भगवान परशुराम जयंती को लेकर उत्साह जताया। मनोज जोशी ने कहा कि इस बार परशुराम जयंती पर कुचामन सिटी में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि यह आयोजन केवल धार्मिक न होकर सामाजिक एकता और जागरूकता का संदेश भी दे।

मिंटू गौड़ ने महिला सहभागिता पर जोर देते हुए कहा कि महिला मंडल की ओर से इस बार विशेष तैयारियां की जा रही हैं। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के साथ शोभायात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को नया स्वरूप दिया जाएगा, ताकि समाज की नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य हो सके।

दोनों पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि इस बार की परशुराम जयंती का आयोजन इतना भव्य होगा कि वह आने वाले वर्षों के लिए एक मिसाल बनेगा और इतिहास रचने वाला साबित होगा ।

error: News 1 Rajasthan