डीडवाना-कुचामन जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यालयों और संस्थानों को भूमि स्वामित्व के पट्टे सौंपे। कुल 13 पट्टे प्रदान किए गए, जिनमें जिला अस्पताल कुचामन सहित कई प्राथमिक व उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि जिला कलेक्टर डॉ. खड़गावत ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को कुचामन जिला अस्पताल, डीडवाना के मंडा बासनी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, ड्रग अधिकारी कार्यालय, खोरण्डी, मुवाना, लाडनूं, खानपुर, सांचोर, कोयल, श्यामपुरा, रामसाबास, निम्बीकलां, तोलियासर और छोटी खाटू के डाबगांव में स्थित स्वास्थ्य केंद्रों के लिए पट्टे प्रदान किए। उन्होंने बताया कि भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्यवाही करते हुए विभाग को ये पट्टे सौंपे, जिससे अब इन संस्थानों के स्थायी भवन निर्माण और विस्तार की राह आसान हो गई है।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने कहा कि जिले में विभिन्न राजकीय कार्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों को भूमि स्वामित्व के पट्टे देना प्रशासन की प्राथमिकता है। इससे सरकारी भवनों के स्थायी निर्माण, विस्तार और सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में तेजी आएगी। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी विभाग किराए या अस्थायी भवनों में कार्य न करे, बल्कि अपनी स्वामित्व भूमि पर स्थायी रूप से सेवाएं दे सके। कुचामन जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. शकील राव ने कहा कि जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत का यह कदम स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। अब अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों के विस्तार तथा नई सुविधाओं के विकास में भूमि संबंधी अड़चनें खत्म हो जाएंगी। प्रशासन की यह पहल जनहित में दूरगामी और सराहनीय है।”
इस प्रकार, डॉ. खड़गावत के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न राजकीय कार्यालयों को उनके स्वामित्व के पट्टे देकर जिले में विकास और जनसेवा की मजबूत नींव रख दी है।
