मंगलाना और छापरी टोल प्लाजा पर मनाया गया ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’, सात दिनों तक चले जागरूकता अभियान में दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश



डीडवाना। हनुमानगढ़-किशनगढ़ मेगा हाईवे पर स्थित रिडकोर के मंगलाना और छापरी टोल प्लाजा पर ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026’ का आयोजन किया गया। रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी ऑफ राजस्थान (RIDCOR) के परियोजना निदेशक कैप्टन जितेंद्र सिंह शेखावत के निर्देशन में आयोजित इस सप्ताह के दौरान पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।


रिडकोर टोल प्लाजा मैनेजर खुर्शीद अहमद ने बताया कि ‘One Week, Seven Actions, One Planet’ थीम के तहत आयोजित इस अभियान में प्रत्येक दिन पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अलग-अलग विषयों पर विशेष गतिविधियां की गईं।


अभियान के तहत 1 नवंबर को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देते हुए योग, पैदल यात्रा, साइकिलिंग और पौधारोपण को प्रोत्साहित किया गया। वहीं 2 नवंबर को ऊर्जा संरक्षण के लिए सुबह 10 से 11 बजे तक अनावश्यक विद्युत उपकरण बंद रखने तथा ऊर्जा दक्षता अपनाने की अपील की गई।
3 नवंबर को जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए पानी का सीमित उपयोग करने और वर्षा जल संचयन संरचनाओं की सफाई का संदेश दिया गया। 4 नवंबर को टिकाऊ खाद्य प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए मिलेट्स (श्रीअन्न) एवं पारंपरिक भोजन अपनाने तथा भोजन की बर्बादी रोकने पर जोर दिया गया।


इसी क्रम में 5 नवंबर को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए प्लास्टिक कप, प्लेट और बोतलों का उपयोग बंद कर पुनः उपयोग योग्य विकल्प अपनाने का संकल्प दिलाया गया। वहीं 6 और 7 नवंबर को ई-कचरे के उचित निस्तारण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत एवं पुनः उपयोग, स्वच्छता अभियान तथा कचरा प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं।


इस दौरान कम उपयोग, पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण (3R) के सिद्धांतों को अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में ऐसी आदतों को शामिल करने के लिए प्रेरित करना रहा, जिससे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो सके और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

error: News 1 Rajasthan