सम्मेलन से पहले ISRO के पूर्व निदेशक डॉ. चंद्रकांत रविकांत सहित वैज्ञानिकों ने किया विज्ञान दर्शन रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन की वैदिक रिसर्च लैब का निरीक्षण, निदेशक मोहित गौड़ से ली शोध परियोजनाओं की जानकारी।
14-15 नवंबर को स्काई वर्ल्ड होटल में होगा दो दिवसीय आयोजन, भारतीय ज्ञान परंपरा और वैदिक विज्ञान पर होगा मंथन; सम्मेलन से पहले वैज्ञानिकों ने वैदिक रिसर्च लैब का किया निरीक्षण
कुचामन सिटी। कुचामन सिटी। भारतीय ज्ञान परंपरा और वैदिक विज्ञान को वैश्विक वैज्ञानिक मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कुचामन सिटी में कल, 14 नवंबर से दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय वैदिक विज्ञान सम्मेलन का आगाज होने जा रहा है। विज्ञान दर्शन रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन (VDRO) की ओर से 14 एवं 15 नवंबर को स्काई वर्ल्ड होटल में इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस फॉर इंडियन नॉलेज सिस्टम एंड वैदिक साइंसेज-2026 आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में भारत सहित अमेरिका और अन्य देशों के वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद् एवं विशेषज्ञ भाग लेकर भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच समन्वय की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के पूर्व निदेशक डॉ. चंद्रकांत रविकांत की सहभागिता होगी। इसके अलावा प्रवासी भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय ज्ञान-विज्ञान के क्षेत्र से जुड़े डॉ. श्री गुप्ता विशेष रूप से शामिल होंगे। अमेरिका से तीन वैज्ञानिक एवं विशेषज्ञ टोबी ग्रोट्ज (Toby Grotz), केट ब्रैडली (Kate Bradley) तथा डॉ. शॉन लोगन (Dr. Shaun Logan) भी सम्मेलन में अपने विचार एवं अनुभव साझा करेंगे।
सम्मेलन में अमेरिका स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सस्टेनेबिलिटी (IIS) तथा सिद्ध वेद मल्टीवर्सिटी (Siddha Veda Multiversity) से जुड़े प्रतिनिधियों की सहभागिता रहेगी। इसके अतिरिक्त तमिलनाडु से छह सदस्यीय शैक्षणिक प्रतिनिधिमंडल भी कुचामन पहुंचेगा। देश के विभिन्न हिस्सों से शोधकर्ता, शिक्षाविद् और वैदिक विज्ञान में रुचि रखने वाले प्रतिभागी भी इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन का हिस्सा बनेंगे।

प्राचीन भारतीय ज्ञान और आधुनिक विज्ञान पर होगा मंथन
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य प्राचीन भारतीय ज्ञान-विज्ञान की अवधारणाओं का आधुनिक वैज्ञानिक दृष्टिकोण से अध्ययन, परीक्षण और अनुसंधान करना है। दो दिवसीय आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा, वैदिक विज्ञान, आधुनिक भौतिकी, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और अंतरराष्ट्रीय शोध सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ अपने शोधपत्र एवं विचार प्रस्तुत करेंगे।
विज्ञान दर्शन रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन के निदेशक मोहित गौड़ ने बताया कि संगठन वैदिक विज्ञान के क्षेत्र में विभिन्न शोध परियोजनाओं पर काम कर रहा है। सम्मेलन में पांच शोध पत्रों के स्प्रिंगर नेचर (Springer Nature) में प्रकाशन की दिशा में हुई प्रगति सहित विभिन्न अनुसंधान कार्यों और परियोजनाओं पर भी चर्चा होगी।

उन्होंने बताया कि संगठन का प्रयास वैदिक ज्ञान को केवल सैद्धांतिक चर्चा तक सीमित न रखकर उसे प्रयोगात्मक अनुसंधान और आधुनिक तकनीक से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से वैदिक रिसर्च लैब के माध्यम से विभिन्न वैज्ञानिक परियोजनाओं को विकसित किया जा रहा है।
कुचामन के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि
कुचामन सिटी में इस स्तर के अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सम्मेलन का आयोजन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक जगत से जोड़ने के साथ स्थानीय स्तर पर शोध, नवाचार और वैज्ञानिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। सम्मेलन के माध्यम से भारतीय ज्ञान परंपरा को वैश्विक शोध मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा।
सम्मेलन से पहले वैदिक रिसर्च लैब पहुंचे वैज्ञानिक
दो दिवसीय सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे ISRO के पूर्व निदेशक डॉ. चंद्रकांत रविकांत सहित देश-विदेश के वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों ने सम्मेलन से पहले विज्ञान दर्शन रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन के निदेशक मोहित गौड़ की वैदिक रिसर्च लैब का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने लैब में संचालित अनुसंधान गतिविधियों और विभिन्न वैज्ञानिक परियोजनाओं का निरीक्षण किया। साथ ही मोहित गौड़ से शोध कार्यों की विस्तृत जानकारी लेकर वैदिक ज्ञान को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने के प्रयासों को करीब से समझा।
