भोपाल से मकराना आ रहे मूर्ति कारोबार करने वाले मार्बल व्यवसायियों की कार नागदी बांध में गिरी, एक की मौत; दूसरा बचा, गाड़ी में मिले 10 लाख रुपये

भोपाल से मकराना लौट रहे थे अनीश और वसीम | जहाजपुर के खतरनाक मोड़ पर हुआ हादसा, क्रेन की मदद से निकाली गई कार

डीडवाना – कुचामन, भोपाल से मकराना आ रहे मूर्ति का कारोबार करने वाले दो मार्बल व्यवसायियों की कार देर रात भीलवाड़ा जिले के जहाजपुर क्षेत्र स्थित नागदी बांध के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पानी में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में मकराना आ रहे अनीश की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके साथी वसीम को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद कार की तलाशी के दौरान उसमें करीब 10 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, अनीश और वसीम मूर्ति बनाने का काम करते थे और भोपाल से मकराना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नागदी बांध के पास मोड़ पर उनकी कार बेकाबू होकर बांध के पानी में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू करवाया और क्रेन की सहायता से कार को पानी से बाहर निकलवाया।

एक की मौत, दूसरे को सुरक्षित बचाया

हादसे में कार सवार अनीश की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि वसीम को रेस्क्यू कर बचा लिया गया। घटना के बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें करीब 10 लाख रुपये नकद मिले। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने नकदी दूसरे जीवित बचे युवक को सौंप दी। मामले में जहाजपुर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नागदी बांध का मोड़ बना हादसों का खतरा

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, नागदी बांध के इस खतरनाक मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। गत 22 अक्टूबर को भी इसी स्थान पर एक कंटेनर अनियंत्रित होकर बांध में गिर गया था, जिसमें चालक की मौत हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हादसों के बावजूद इस मोड़ पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम और सुधार कार्य नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

NEWS1 राजस्थान

मकराना से जुड़ा मामला, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस हादसे ने एक बार फिर नागदी बांध क्षेत्र में आने – जाने वाले लोगों की सड़क सुरक्षा का मुद्दा सामने ला दिया है। भोपाल से मकराना लौट रहे मूर्ति का कारोबार करने वाले दो मार्बल व्यवसायियों के साथ हुई इस दुर्घटना में एक शख्स की जान चली गई। अब स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि नागदी बांध के इस जोखिम भरे मोड़ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कब किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

error: News 1 Rajasthan