शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, साफ-सफाई रखने की दी हिदायत
नवरात्रि, दशहरा और दीपावली के त्योहारों को देखते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की टीमें लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रही हैं।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी एवं अभिहित अधिकारी तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नरेंद्र चौधरी के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को डीडवाना कस्बे के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सदर बाजार स्थित विष्णु ट्रेडिंग कंपनी से तेल, मदन लाल यशपाल से सूजी और मुरारी स्टोर से टॉफी के सैंपल लिए।

संग्रहित किए गए नमूनों को सुरक्षित तरीके से जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थों में मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल, इरशाद खान एवं मधु यादव शामिल रहे। विभाग ने त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और जांच की कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
