मकराना: जलझूलनी एकादशी पर चारभुजा नाथ मंदिर में भेंट होगी रजत रेवाड़ी


मकराना। जलझूलनी एकादशी के पावन अवसर पर मकराना स्थित भगवान श्री चारभुजा नाथ मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान चारभुजा नाथ को नवीन रजत रेवाड़ी भेंट की जाएगी।


भीलवाड़ा निवासी चन्द्रकला पत्नी श्याम सुंदर सोमानी, सुपुत्री स्वर्गीय घीसालाल रांदड़ ने अपनी जन्मभूमि मकराना स्थित भगवान श्री चारभुजा नाथ मंदिर में रजत रेवाड़ी प्रभु के चरणों में समर्पित करने का निर्णय लिया है। रजत रेवाड़ी भेंट करने का कार्यक्रम जलझूलनी एकादशी के अवसर पर प्रातः 11:15 बजे आयोजित होगा।


महेन्द्र रांदड़ ने बताया कि जलझूलनी एकादशी के दिन भगवान चारभुजा नाथ इसी नवीन रजत रेवाड़ी में विराजमान होकर भव्य शोभायात्रा के साथ कालानाडा पधारेंगे। भगवान की रजत रेवाड़ी में शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं और भक्तजनों में खासा उत्साह है।


धार्मिक आस्था और परंपरा से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर परिसर में आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

error: News 1 Rajasthan