डीडवाना में BJP की वापसी, भंवरलाल पंवार बने सभापति; 24 वोट से जीता चुनाव


भाजपा-यूनुस खान गठजोड़ ने बदला डीडवाना का सियासी समीकरण, कांग्रेस के बाबू खान बेगाना को मिले 16 वोट


डीडवाना। नगर परिषद सभापति चुनाव में भाजपा ने सात साल बाद वापसी करते हुए बोर्ड पर कब्जा कर लिया है। भाजपा समर्थित भंवरलाल पंवार डीडवाना नगर परिषद के नए सभापति निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी बाबू खान बेगाना को 24-16 वोटों से हराया। सभापति चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 21 था, जबकि पंवार को 24 वोट मिले।


परिणाम घोषित होते ही भाजपा और निर्दलीय विधायक यूनुस खान समर्थक खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। नगर परिषद के बाहर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। इसके बाद विधायक यूनुस खान के आवास पर भी बड़ी संख्या में समर्थक जुटे और नवनिर्वाचित सभापति भंवरलाल पंवार का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया।


40 पार्षदों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी, फिर भी नहीं बना बोर्ड


डीडवाना नगर परिषद में कुल 40 वार्ड हैं। चुनाव परिणाम में कांग्रेस के 16, निर्दलीय 14, भाजपा के 9 और आरएलपी का एक पार्षद निर्वाचित हुआ था। बहुमत के लिए 21 पार्षदों के समर्थन की जरूरत थी।


भंवरलाल पंवार खुद वार्ड 27 से निर्दलीय पार्षद चुने गए थे। बाद में भाजपा ने उन्हें अपना अधिकृत सभापति प्रत्याशी बनाया। चुनाव से पहले भाजपा और विधायक यूनुस खान के समर्थक पार्षदों के बीच बने राजनीतिक समीकरण का असर सभापति चुनाव में दिखाई दिया।


24 वोटों के साथ पंवार की जीत


सोमवार सुबह सभापति पद के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। भाजपा के भंवरलाल पंवार और कांग्रेस के बाबू खान बेगाना आमने-सामने थे। मतदान के बाद मतगणना की गई, जिसमें भंवरलाल पंवार को 24 और बाबू खान बेगाना को 16 मत मिले। इस तरह पंवार ने 8 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।



नवनिर्वाचित सभापति भंवरलाल पंवार ने कहा


जीत के बाद भंवरलाल पंवार ने भाजपा और विधायक यूनुस खान का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक यूनुस खान के सहयोग और सरकार के साथ मिलकर डीडवाना शहर के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाएगा।


पंवार ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि शहर में विकास कार्यों को गति मिले और आमजन को पारदर्शी, सरल और जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराया जाए।


यूनुस खान बोले: गठबंधन विकास को समर्पित


जीत के बाद निर्दलीय विधायक यूनुस खान ने नवनिर्वाचित सभापति भंवरलाल पंवार को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा के साथ हुआ गठबंधन डीडवाना शहर के विकास के लिए है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा आलाकमान का आभार जताया।


यूनुस खान ने कहा कि सरकार के साथ मिलकर डीडवाना शहर के समग्र विकास के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और शहर की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को लागू करने की बात कही।

error: News 1 Rajasthan