निकाय चुनाव में नामांकन ने पकड़ी रफ्तार: दूसरे दिन 478 पर्चे दाखिल, अब तक 513 नामांकन

मकराना में सबसे ज्यादा 144, कुचामन में 81 और नावां में 70 नामांकन; 31 अगस्त को अंतिम मौका

डीडवाना-कुचामन। नगरीय निकाय चुनाव 2026 को लेकर डीडवाना-कुचामन जिले में चुनावी सरगर्मी लगातार तेज होती जा रही है। शनिवार को नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन जिले के सभी आठ नगरीय निकायों में प्रत्याशियों ने उत्साह के साथ नामांकन पत्र दाखिल किए। जिला निर्वाचन अधिकारी अवधेश मीना के अनुसार 29 अगस्त को जिले में कुल 478 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 376 उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं 27 और 29 अगस्त को मिलाकर अब तक जिले में 513 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं, जिनमें कुल 401 उम्मीदवारों ने अपनी दावेदारी पेश की है।

मकराना में सबसे ज्यादा 144 नामांकन

नगर परिषद मकराना में दूसरे दिन 100 उम्मीदवारों ने 144 नामांकन पत्र दाखिल किए। यहां अब तक कुल 156 नामांकन प्राप्त हो चुके हैं। मकराना में 60 वार्ड होने के कारण दो रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। एडीएम कुचामन लाखन गुर्जर को वार्ड 1 से 30 तक तथा तहसीलदार मकराना रामस्वरूप मीणा को वार्ड 31 से 60 तक का रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है। 

कुचामन में 81 पर्चे, 65 उम्मीदवारों ने जताई दावेदारी

कुचामन सिटी के रिटर्निंग अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी ने बताया कि दूसरे दिन 65 उम्मीदवारों ने 81 नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही कुचामन में अब तक कुल 89 नामांकन प्राप्त हो चुके हैं।

नावां में 70 नामांकन, 57 उम्मीदवार मैदान में

नावां के रिटर्निंग अधिकारी हुक्मीचंद रोहलानिया ने बताया कि दूसरे दिन 57 उम्मीदवारों ने 70 नामांकन पत्र दाखिल किए। नावां में अब तक भी कुल 70 नामांकन प्राप्त हुए हैं। 

डीडवाना में  हुए 54 नामांकन दाखिल

डीडवाना के रिटर्निंग अधिकारी राजवीर सिंह यादव ने बताया कि नगर परिषद डीडवाना में दूसरे दिन 47 उम्मीदवारों ने 54 नामांकन पत्र दाखिल किए। यहां अब तक कुल 58 नामांकन प्राप्त हुए हैं। हैं। 

लाडनूं में 76 पर्चे, 56 उम्मीदवार

लाडनूं की  रिटर्निंग अधिकारी ममता लहुआ ने बताया कि नगर पालिका लाडनूं में दूसरे दिन 56 उम्मीदवारों ने 76 नामांकन पत्र दाखिल किए। यहां अब तक कुल 83 नामांकन प्राप्त हो चुके हैं। 

बोरावड़ में  हुए 25 नामांकन, अब तक कुल 27

बोरावड़ के रिटर्निंग अधिकारी बाबूलाल जाट ने बताया कि नगर पालिका बोरावड़ में दूसरे दिन 23 उम्मीदवारों ने 25 नामांकन पत्र दाखिल किए। यहां कुल नामांकन की संख्या 27 पहुंच गई है। 

खाटू खुर्द में भरे गए 26 पर्चे 

डीडवाना विधानसभा नगर पालिका खाटू खुर्द में दूसरे दिन 25 उम्मीदवारों ने 26 नामांकन पत्र दाखिल किए। खाटू खुर्द के रिटर्निंग अधिकारी तुक्काचंद ने बताया कि यहां अब तक कुल 27 नामांकन प्राप्त हुए हैं। 

परबतसर में महज 2 नामांकन

नगर पालिका परबतसर में दूसरे दिन 2 उम्मीदवारों ने 2 नामांकन पत्र दाखिल किए। परबतसर की रिटर्निंग अधिकारी कुसुमलता चौहान ने बताया कि नामांकन के पहले दिन हुए एक नामांकन को मिलाकर यहां अब तक कुल 3 नामांकन प्राप्त हुए हैं। 

31 अगस्त को नामांकन का अंतिम मौका

उप जिला निर्वाचन अधिकारी रतन कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सभी आठों निकायों में नामांकन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चल रही है। रविवार को अवकाश के बाद 31 अगस्त को नामांकन का अंतिम दिन रहेगा। प्रत्याशी दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। उन्होंने इच्छुक प्रत्याशियों से अपील की कि अंतिम दिन की भीड़ से बचने के लिए समय रहते रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल करें।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा, 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी तथा 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा।

9 और 11 सितंबर को मतदान, 14 सितंबर को मतगणना

डीडवाना-कुचामन जिले में निकाय चुनाव दो चरणों में होंगे। 9 सितंबर को डीडवाना, लाडनूं, बोरावड़ और कुचामन सिटी में मतदान होगा, जबकि 11 सितंबर को मकराना, खाटू खुर्द, परबतसर और नावां में वोट डाले जाएंगे। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। सभी निकायों की मतगणना 14 सितंबर को होगी।

नामांकन के दूसरे दिन बड़ी संख्या में पर्चे दाखिल होने के बाद अब चुनावी मुकाबले की तस्वीर धीरे-धीरे साफ होने लगी है। हालांकि अंतिम तस्वीर 31 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने, 1 सितंबर को संवीक्षा और 3 सितंबर को नाम वापसी के बाद ही सामने आएगी। अंतिम दिन टिकट से वंचित दावेदारों के निर्दलीय मैदान में उतरने से कई वार्डों में मुकाबला और रोचक होने की संभावना है।

error: News 1 Rajasthan