डीडवाना। लंबे समय से प्रतीक्षित भाजपा राजस्थान किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी द्वारा घोषित कार्यकारिणी में डीडवाना के किसान एवं युवा नेता रामाकिशन खीचड़ को प्रदेश उपाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। खीचड़ को नई जिम्मेदारी मिलने पर डीडवाना सहित जिलेभर में भाजपा कार्यकर्ताओं, किसानों और युवाओं में खुशी की लहर है।

रामाकिशन खीचड़ लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। छात्र जीवन से ही सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े खीचड़ ने भाजपा में किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष, संभाग प्रभारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, भाजपा जिला उपाध्यक्ष और जिला महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। संगठन में उनके लंबे अनुभव और किसानों व युवाओं के बीच व्यापक संपर्क को देखते हुए उन्हें प्रदेश किसान मोर्चा में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

नई जिम्मेदारी मिलने पर खीचड़ ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि “भाजपा प्रदेश नेतृत्व एवं किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी ने जो विश्वास जताते हुए मुझे जिम्मेदारी दी है, उसका पूरी निष्ठा, समर्पण, ईमानदारी और परिश्रम के साथ निर्वहन करूंगा। किसानों और युवाओं के हितों के लिए पूरी ताकत के साथ काम करना मेरी प्राथमिकता रहेगी। प्रदेश के गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक किसानों की समस्याओं को समझकर उन्हें संगठन और सरकार के सामने मजबूती से रखने का प्रयास करूंगा।” उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने तथा किसानों की आवाज को मजबूत करने के लिए किसान मोर्चा के माध्यम से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

खीचड़ की नियुक्ति पर किसानों और युवाओं ने कहा कि वे साधारण किसान परिवार की पृष्ठभूमि से आते हैं और डीडवाना-कुचामन जिले सहित प्रदेशभर में गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक उनका व्यापक संपर्क है। ऐसे में उन्हें प्रदेश स्तर की जिम्मेदारी मिलने से किसानों और युवाओं के बीच भाजपा संगठन को मजबूती मिलेगी। साथ ही किसानों की समस्याओं और मांगों को प्रदेश नेतृत्व तक मजबूती से पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

प्रदेश उपाध्यक्ष बनने के बाद डीडवाना पहुंचने पर रामाकिशन खीचड़ का भाजपा परिवार, किसानों और युवाओं की ओर से जोरदार स्वागत किया गया। वीर तेजा होटल डीडवाना एवं वीर तेजाजी मंदिर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में खीचड़ को साफा पहनाकर, माला पहनाकर और मुंह मीठा करवाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर उन्हें जैली एवं हल भेंट कर किसान पृष्ठभूमि और कृषि से उनके जुड़ाव का सम्मान भी किया गया।
खीचड़ ने अपनी नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां तथा भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी सहित प्रदेश नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

रामाकिशन खीचड़ को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर राज्यसभा सदस्य डॉ. सतीश पूनियां, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कैलाश चौधरी, भाजपा नेता माधोराम चौधरी, किसान आयोग चेयरमैन सी.आर. चौधरी, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ज्योति मिर्धा, भाजपा संभाग प्रभारी कैलाश मेघवाल, भाजपा नेता हरिराम रणवां, जिला अध्यक्ष सुनीता रांदड, नागौर अध्यक्ष रामधन पोटलिया, जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी, विधायक मेड़ता लक्ष्मणराम मेघवाल, विधायक खींवसर रेवंतराम डांगा, भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा, मानसिंह किनसरिया, श्रीराम भींचर, पूर्व जिला अध्यक्ष गजेन्द्र सिंह ऑडिंट, भारतीय खाद्य निगम निदेशक बुधाराम गरवा, ज्ञानाराम रणवां, पूर्व प्रधान भगवानाराम बुरड़क, पूर्व प्रधान जालाराम भाकर, शिव देशवाल, अमरचंद जाजड़ा, प्रदेश मंत्री रजनी गावड़िया, श्याम प्रताप सिंह, अपर लोक अभियोजक महावीर चतुर्वेदी, वीर तेजाजी सेवा संस्थान अध्यक्ष हरिसिंह बलारा, निजी शिक्षण संस्थान अध्यक्ष गोविंद शेषमा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
