कुचामन सिटी। देवड़ा हॉस्पिटल एवं देवड़ा सोनोग्राफी सेंटर की ओर से आज एक जुलाई को डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य परामर्श एवं जांच शिविर में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सना देवड़ा (MS & DNB, Gynae. & Obs.), लेप्रोस्कोपिक सर्जन एवं इंफर्टिलिटी स्पेशलिस्ट ने 55 महिला मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक उपचार प्रदान किया।
शिविर के दौरान महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न समस्याओं का विशेषज्ञ स्तर पर परीक्षण किया गया। साथ ही 21 मरीजों की सोनोग्राफी जांच भी न्यूनतम शुल्क पर की गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिली। शिविर में महिलाओं को गर्भावस्था की देखभाल, स्त्री रोग, माहवारी संबंधी समस्याएं, बांझपन, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी सहित विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर परामर्श दिया गया।

शिविर के दौरान हीमोग्लोबिन (Hb), ब्लड ग्रुप एवं ब्लड शुगर की जांच नि:शुल्क की गई, जबकि अन्य आवश्यक जांचों एवं सोनोग्राफी पर विशेष छूट का लाभ भी मरीजों को दिया गया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने इस सुविधा का लाभ उठाते हुए डॉक्टर से अपनी स्वास्थ्य समस्याओं पर खुलकर चर्चा की।
डॉ. सना देवड़ा ने कहा कि महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही कर देती हैं, जबकि समय पर जांच और सही परामर्श से अधिकांश बीमारियों का प्रारंभिक स्तर पर ही उपचार संभव है। हमारा प्रयास है कि विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं आमजन, विशेषकर ग्रामीण एवं मध्यमवर्गीय महिलाओं तक आसानी से पहुंचें, ताकि उन्हें छोटे-छोटे उपचार के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़े।
शिविर में परामर्श लेने पहुंचीं प्रसूता जरीना ने कहा कि डॉक्टर ने बहुत धैर्य से मेरी सभी समस्याएं सुनीं और विस्तार से समझाकर उचित सलाह दी। यहां जांच और सोनोग्राफी की सुविधा एक ही स्थान पर मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत हुई। ऐसे शिविर महिलाओं के लिए बेहद लाभदायक हैं।

शिविर में महिलाओं ने बड़ी रुचि दिखाई और आयोजकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि महिलाओं को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकें। पूरे शिविर के दौरान व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और मरीजों को सहज एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
