कुचामन सिटी। ग्राम पंचायत दीपपुरा में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या और हर घर नल-जल योजना में कथित अनियमितताओं को लेकर सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में भगत सिंह यूथ ब्रिगेड ने शिविर प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि हर घर नल-जल योजना के तहत कई परिवारों से निर्धारित राशि जमा कराने के बावजूद आज तक नियमित पेयजल उपलब्ध नहीं कराया गया है। वहीं कई परिवार अब भी नल कनेक्शन से वंचित हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

संगठन ने दिव्यांग झूंताराम अंवला का मामला भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि राशि जमा कराने के बावजूद उन्हें आज तक नल कनेक्शन नहीं मिला। इसके अलावा डूकिया पंप के पास स्थित दलित बस्ती आज भी सरकारी पेयजल सुविधा से वंचित है और नल-जल योजना का लाभ नहीं मिल पाया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस संबंध में पूर्व में भी कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। संगठन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, जिन परिवारों से राशि ली गई है उन्हें शीघ्र नल कनेक्शन एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने, दिव्यांग झूंताराम अंवला को प्राथमिकता देने तथा दलित बस्ती को तत्काल नल-जल योजना से जोड़ने की मांग की।

भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष एवं विश्व जाट महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष परसाराम बुगालिया ने कहा कि “पेयजल हर नागरिक का संवैधानिक और मूलभूत अधिकार है। जब ग्रामीणों से राशि लेने के बावजूद उन्हें न तो नल कनेक्शन मिलता है और न ही नियमित पानी की सुविधा उपलब्ध होती है, जबकि दलित बस्ती आज भी इस योजना से वंचित है, तो यह बेहद गंभीर मामला है। प्रशासन को बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र ग्रामीणों को उनका अधिकार दिलाना चाहिए। यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करेगा।”
ज्ञापन पर भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष परसाराम बुगालिया, रेगर समाज के सह सचिव महेश कुमार जाटोलिया, जोधराज मोहनपुरिया, सीताराम जाटोलिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर थे। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से पेयजल समस्या का शीघ्र समाधान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
