प्रसूता पर बयान देकर घिरे चिकित्सा मंत्री खींवसर, महिला कांग्रेस बोली- महिलाओं का अपमान, पूरे प्रदेश से मांगें माफी

बीकानेर पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की बिगड़ी हालत के बीच मंत्री के बयान पर सियासत तेज,

महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी ने साधा निशाना

डीडवाना – कुचामन , बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद कई प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने और किडनी प्रभावित होने के मामले को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस संवेदनशील प्रकरण के बीच राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। मंत्री के बयान को लेकर कांग्रेस और महिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।


दरअसल, बीकानेर स्थित पीबीएम अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद छह महिलाओं की तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ने का मामला सामने आया था। इस मामले को लेकर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर गुरुवार को अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मीडिया ने जब उनसे प्रसूताओं की स्थिति और अस्पताल की लापरवाही को लेकर सवाल पूछे, तब मंत्री ने अस्पताल प्रशासन की ओर इशारा करते हुए कहा कि यह बताया जाए कि महिलाएं अस्पताल में “गंभीर हालत में आई थीं या नाचती हुई आई थीं।”
मंत्री के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद विपक्ष ने इसे महिलाओं के सम्मान से जोड़ते हुए सरकार को घेरना शुरू कर दिया।

महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने बोला हमला

महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका चौधरी ने वीडियो बयान जारी कर चिकित्सा मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक गर्भवती महिला पहले ही शारीरिक और मानसिक पीड़ा से गुजर रही होती है। ऐसे समय में अस्पताल पहुंची महिलाओं को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और असंवेदनशील है।

सारिका चौधरी ने कहा कि जिस व्यक्ति के पास पूरे प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी हो, उससे ऐसी भाषा और सोच की अपेक्षा नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान प्रदेश की महिलाओं का अपमान है और भाजपा सरकार की महिलाओं के प्रति सोच को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर महिलाओं के सम्मान और नारी शक्ति की बात करती है, जबकि दूसरी ओर उसके वरिष्ठ मंत्री इस प्रकार की टिप्पणियां करते हैं। महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने चिकित्सा मंत्री से सार्वजनिक रूप से लिखित माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश की सभी महिलाओं से क्षमा याचना करनी चाहिए।

error: News 1 Rajasthan