काले झंडा प्रकरण में इनाम घोषित करने पर भड़के नारायण बेनीवाल, बोले- बड़े अपराधियों की तरह RLP कार्यकर्ताओं की तलाश क्यों?

कुचामन सिटी। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाने के मामले में फरार RLP कार्यकर्ताओं पर इनाम घोषित किए जाने के बाद खींवसर के पूर्व विधायक एवं RLP नेता नारायण बेनीवाल ने पुलिस और सरकार पर तीखा हमला बोला है। बेनीवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि आमतौर पर पुलिस बड़े अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों या गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों पर इनाम घोषित करती है, लेकिन यहां लोकतांत्रिक तरीके से क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विरोध करने वाले कार्यकर्ताओं पर इनाम घोषित कर दिया गया है।

नारायण बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि कुचामन में पानी, बिजली और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर RLP कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध दर्ज कराया था। इसके बावजूद उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए और अब उन पर इनाम घोषित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में काम कर रही है।

बेनीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति नागरिकों का अधिकार है। यदि सरकार की आलोचना करने वालों पर मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, गिरफ्तारियां होंगी और फिर उन पर इनाम घोषित किए जाएंगे, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने सरकार से इनाम घोषित करने के फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि यह कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो कानूनी विकल्पों पर भी विचार किया जाएगा।

उधर, डीडवाना-कुचामन पुलिस ने मामले में कार्रवाई को पूरी तरह कानूनी बताया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रकरण में वांछित भूराराम शेषमा पर ₹5 हजार तथा रामनिवास कांटवा, मुकेश सारण उर्फ मोदी और दिनेश कूदना पर ₹2100-₹2100 का इनाम घोषित किया गया है।

मामले में कुचामन पुलिस उपाधीक्षक मुकेश चौधरी ने कहा कि प्रकरण में दर्ज मुकदमों की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नियमानुसार इनाम घोषित किया गया है। पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई कर रही है तथा किसी भी व्यक्ति के साथ पक्षपात या दुर्भावना का कोई प्रश्न नहीं है।

गौरतलब है कि 29 मई को कुचामन सिटी में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के दौरे के दौरान RLP कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस और भाजपा की ओर से अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामले में कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

error: News 1 Rajasthan