कुचामन में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, चालक फरार

कुचामन सिटी।कुचामन सिटी में किशनगढ़-हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर टोरडा रोड स्थित एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार ने बाइक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार भी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 फीट दूर जा गिरी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर कुचामन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर राजकीय जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को भी जब्त कर लिया है।


पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान रामवतार शर्मा (36) पुत्र सत्यनारायण शर्मा निवासी कुचामनसिटी तथा मनीष कौशिक (48) पुत्र सुरेश कौशिक निवासी कुचामनसिटी के रूप में हुई है। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर मकराना से कुचामनसिटी लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों मेडिकल क्षेत्र में एमआर (मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव) के रूप में कार्यरत थे।


हादसे ने दोनों परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है। मनीष कौशिक की पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व निधन हो चुका था और उनके एक पुत्र व एक पुत्री हैं। वहीं रामवतार शर्मा अपने पीछे पत्नी और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।
पुलिस उपाधीक्षक मुकेश चौधरी ने बताया कि कार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है तथा दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा और फरार चालक के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

error: News 1 Rajasthan