कुचामन सिटी। शहर के शिक्षा जगत को उस समय गहरा आघात लगा जब रविन्द्र नाथ टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल (RNT) के निदेशक एवं वरिष्ठ शिक्षाविद जगदीश कड़वा के आकस्मिक निधन का समाचार सामने आया। उनके निधन से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार सुबह जगदीश कड़वा की पार्थिव देह का अंतिम संस्कार किया गया, इस मौके पर परिजनों के साथ भारी तादाद में जन समुदाय मौजूद रहा ।
शहर के विभिन्न वर्गों ने इसे शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। जगदीश कड़वा लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय रहकर विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में हजारों विद्यार्थियों ने शिक्षा के क्षेत्र में सफलता हासिल की। वे शिक्षा को केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का आधार मानते थे।
मेहनत और दूरदर्शिता से RNT को दिलाई नई पहचान
जगदीश कड़वा ने अपनी मेहनत, लगन और दूरदर्शी सोच के बल पर रविन्द्र नाथ टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल को शहर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में स्थापित किया। उन्होंने विद्यालय को आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों, तकनीकी सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से सुसज्जित कर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनके नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा, अनुशासन, संस्कार और उत्कृष्ट परिणामों के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई। शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।

राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने जताया शोक।
राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने जगदीश कड़वा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना शिक्षा जगत के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा कि जगदीश कड़वा ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया और हजारों विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की दिशा प्रदान की। उनका सामाजिक और शैक्षणिक योगदान सदैव याद रखा जाएगा।
निजी विद्यालय एसोसिएशन ने बताया अपूरणीय क्षति
निजी विद्यालय एसोसिएशन कुचामन सिटी के अध्यक्ष गोविंद राम शेषमा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जगदीश कड़वा शिक्षा क्षेत्र के एक समर्पित और दूरदर्शी व्यक्तित्व थे। उन्होंने निजी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका निधन पूरे शैक्षणिक परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
विकास समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने दी श्रद्धांजलि
कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने दिवंगत जगदीश कड़वा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से भी गहराई से जुड़े हुए थे। उनका सरल स्वभाव, सकारात्मक सोच और समाज के प्रति समर्पण हमेशा लोगों को प्रेरित करता रहेगा। उनके निधन से शहर ने एक सम्मानित शिक्षाविद और समाजसेवी को खो दिया है।
विभिन्न संगठनों ने दी श्रद्धांजलि
जगदीश कड़वा के निधन की सूचना मिलते ही शहर के सामाजिक संगठनों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। अनेक लोगों ने उनके निवास स्थान एवं विद्यालय पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
