कुचामन : थानाधिकारी सतपाल सिहाग के समर्थन में सर्व समाज उतरेगा सड़कों पर, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन


निलंबन के विरोध में 1 जून को विशाल मार्च, सादगी, जनसुनवाई और लोकप्रिय कार्यशैली को बताया जनसमर्थन का आधार

कुचामन सिटी थानाधिकारी सतपाल सिंह सिहाग के निलंबन के विरोध में अब आमजन और सामाजिक संगठन खुलकर सामने आने लगे हैं। सर्व समाज, कुचामन सिटी के तत्वावधान में सोमवार 1 जून को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके लिए शहर में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है और विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक एवं युवा संगठनों से समर्थन जुटाया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार सोमवार सुबह 10 बजे पुराना बस स्टैंड स्थित किनोई पार्क में नागरिक एकत्रित होंगे। इसके बाद वहां से उपखंड कार्यालय तक विशाल मार्च निकाला जाएगा। मार्च के समापन पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपखंड अधिकारी को सौंपकर थानाधिकारी सतपाल सिहाग के निलंबन पर पुनर्विचार करने की मांग की जाएगी।


जनता के बीच लोकप्रिय रहे सतपाल सिहाग


सतपाल सिंह सिहाग अपने कार्यकाल के दौरान कुचामन सिटी में एक सरल, सहज और जनसुनवाई करने वाले पुलिस अधिकारी के रूप में पहचान बनाने में सफल रहे। आम नागरिकों का कहना है कि उन्होंने हमेशा फरियादियों की बात गंभीरता से सुनी और समस्याओं के समाधान का प्रयास किया। थाने में आने वाले लोगों के साथ उनका व्यवहार सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक रहा, जिसके कारण वे शहर के विभिन्न वर्गों में लोकप्रिय बने।


व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और आम नागरिकों के साथ उनका अच्छा सामंजस्य माना जाता रहा है। कई सामाजिक कार्यक्रमों और जनहित के अभियानों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। यही वजह है कि उनके निलंबन के बाद शहर में व्यापक चर्चा शुरू हो गई और अब विभिन्न वर्ग उनके समर्थन में एकजुट होते दिखाई दे रहे हैं।


काले झंडा प्रकरण के बाद हुई कार्रवाई


गौरतलब है कि 29 मई को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कुचामन दौरे के दौरान RLP कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाने और विरोध प्रदर्शन करने का मामला सामने आया था। इसके बाद प्रशासनिक और पुलिस महकमे में लगातार कार्रवाई हुई। पहले कुचामन तहसीलदार कैलाश ईनाणियां का तबादला किया गया, फिर डीडवाना-कुचामन के पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद्र यादव का स्थानांतरण हुआ और इसके बाद थानाधिकारी सतपाल सिंह सिहाग को निलंबित कर दिया गया।


इन घटनाक्रमों के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाएं लगातार जारी हैं। वहीं सर्व समाज का कहना है कि किसी भी अधिकारी के कार्यकाल का मूल्यांकन उसके समग्र कार्य और जनता के बीच उसकी छवि के आधार पर होना चाहिए।


अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने की अपील


सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने कुचामन सिटी एवं आसपास के क्षेत्र के नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और सभी वर्गों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उनका कहना है कि यह आयोजन किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनभावनाओं को सरकार तक पहुंचाने और क्षेत्र की आवाज को मजबूत करने के लिए किया जा रहा है।

error: News 1 Rajasthan