डीडवाना – कुचामन जिले के मकराना के माताभर मार्बल खनन क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की पानी से भरी खान में डूबने से मौत हो गई। गुरुवार रात हुए इस हादसे के बाद पिछले दो दिनों से प्रशासन, एसडीआरएफ और खनन विभाग की टीमें शव को बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं, लेकिन खराब मौसम और खान में भरे भारी मात्रा के पानी के कारण अभियान में लगातार बाधाएं आ रही हैं।

जानकारी के अनुसार जाखली निवासी रामनिवास जाट पुत्र हनुमानराम जाट माताभर रेंज स्थित एक मार्बल खान में मजदूरी करता था। गुरुवार रात वह खान के ऊपरी हिस्से में कार्य कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे पानी से भरी गहरी खान में जा गिरा। पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास कार्यरत मजदूर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना पर एसडीएम अंशुल सिंह, सीओ विक्की नागपाल, सीआई जगदीश मीणा, तहसीलदार कृष्णा शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन ने तत्काल एसडीआरएफ टीम को भी सूचना दी, SDRF टीम पहुंच भी गई लेकिन अंधेरा होने और खान में अत्यधिक पानी भरा होने के कारण गुरुवार रात रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। शुक्रवार सुबह से मशीनों और मोटरों की सहायता से खान का पानी निकालने का कार्य शुरू किया गया। बाद में बड़ी क्षमता वाली मोटरें भी लगाई गईं ताकि पानी को तेजी से बाहर निकाला जा सके।

एसडीएम अंशुल सिंह ने बताया कि खान से पानी निकालने का कार्य लगातार जारी है। शनिवार शाम तक भी शव को बाहर नहीं निकाला जा सका था।
वहीं खनिज अभियंता ललित मंगल ने बताया कि खनन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमें एसडीआरएफ के साथ मिलकर पिछले दो दिनों से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि खराब मौसम के कारण अभियान प्रभावित हो रहा है,

हालांकि अब बड़ी मोटरें लगाकर तेजी से पानी निकाला जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही खान का अधिकांश पानी बाहर निकाल लिया जाएगा, जिससे रेस्क्यू अभियान को गति मिलेगी और शव तक पहुंचना संभव हो सकेगा।
