कुचामन सिटी। लायंस क्लब कुचामन सिटी एवं लायंस चैरिटेबल ट्रस्ट कुचामन सिटी के संयुक्त तत्वावधान में, सीतादेवी सत्यनारायण काबरा चैरिटीज़ के सौजन्य से रविवार को रामजीवन काबरा रोग निदान केन्द्र में नि:शुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श का लाभ उठाया।

शिविर में सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर के सेवानिवृत्त सुप्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ लॉयन डॉ. सुनील जैन ने 71 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान मरीजों की विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांचें नि:शुल्क की गईं।
क्लब अध्यक्ष लॉयन बाबूलाल मांधनिया ने बताया कि शिविर में 13 सीबीसी, 14 ब्लड शुगर, 5 एसजीओटी, 4 एसजीपीटी, 10 लिपिड प्रोफाइल, 35 ईसीजी, 8 एक्स-रे, 1 विटामिन डी-3, 3 इलेक्ट्रोलाइट, 8 एचबीए1सी, 2 यूरिया, 1 यूरिन, 1 यूरिक एसिड, 1 टीएसएच, 1 आयरन प्रोफाइल, 5 टीएमटी, 1 एलएफटी, 1 केएफटी तथा 3 विटामिन जांचें की गईं।

शिविर के शुभारंभ से पूर्व लायंस क्लब की ओर से डॉ. सुनील जैन का नि:शुल्क सेवाएं देने पर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर लॉयन नरेन्द्र शर्मा, चेतन अग्रवाल, कृष्ण कुमार टेलर, संजय रावका, नरेश जैन सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं रामजीवन रोग निदान केन्द्र के कार्मिक उपस्थित रहे। अंत में क्लब अध्यक्ष बाबूलाल मांधनिया ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. सुनील जैन ने कहा कि वर्तमान समय में कम उम्र के लोगों में भी हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। इसकी प्रमुख वजह तनावपूर्ण जीवनशैली, फास्ट फूड का बढ़ता सेवन, शारीरिक श्रम की कमी, धूम्रपान, मधुमेह और उच्च रक्तचाप है।

उन्होंने लोगों को संदेश देते हुए कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे धूम्रपान और नशे से दूर रहें तथा रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलने की आदत अपनाएं।
डॉ. जैन ने कहा कि यदि सीने में दर्द, सांस फूलना, अत्यधिक थकान या धड़कन तेज होने जैसी समस्याएं महसूस हों तो उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए।
