लाडनूं में ईओ ने मौके पर पहुंचकर जानी समस्याएं, जलभराव व अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

लाडनूं शहर की ज्वलंत समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी हरेंद्र चौधरी ने बुधवार को विभिन्न स्थानों का दौरा कर मौके पर ही हालात का जायजा लिया और संबंधित कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान रीयल हेल्प ब्यूरो (रजि.) नई दिल्ली की महिला प्रदेशाध्यक्ष व पार्षद सुमित्रा आर्य भी मौजूद रहीं, जिन्होंने विभिन्न समस्याओं को लेकर सुझाव देते हुए शीघ्र समाधान की मांग रखी।


सबसे पहले ईओ ने बस स्टैंड क्षेत्र का निरीक्षण किया, जहां लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। यहां बने बोरवेल में जमा कीचड़ के कारण उसकी जलग्रहण क्षमता प्रभावित हो रही थी।
बस स्टैंड क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सुमित्रा आर्य ने कहा कि “शहर के बड़े हिस्से का बरसाती पानी बस स्टैंड की ओर मोड़ दिए जाने से हर बार हालात विकट हो जाते हैं। अगर समय रहते स्थाई समाधान नहीं किया गया तो आमजन को लगातार परेशानी झेलनी पड़ेगी। प्रशासन को पानी की निकासी के लिए ठोस और दीर्घकालीन योजना बनानी होगी।” उन्होंने बोरवेल में जमे कीचड़ की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए उसकी सफाई और जलग्रहण क्षमता बढ़ाने की जरूरत बताई।

इस पर ईओ हरेंद्र चौधरी ने मौके पर ही जमादारों को मशीनों के माध्यम से सफाई करवाकर बोरवेल को पूरी तरह साफ करने और उसकी क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि बरसात के पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके।
निरीक्षण के दौरान सुमित्रा आर्य ने बताया कि जावा बास और मगरा बास सहित शहर के कई हिस्सों का पानी बस स्टैंड की ओर डायवर्ट होने से समस्या गंभीर हो गई है। उन्होंने सुझाव दिया कि आर्य समाज के सामने अशोक स्तंभ प्याऊ के पीछे एक ब्रेकर बनाकर पानी को उसके प्राकृतिक बहाव की दिशा में मोड़ा जा सकता है। इस पर ईओ ने संबंधित स्थल का निरीक्षण कर पानी डायवर्ट करने की आवश्यकता को स्वीकार किया और समाधान का आश्वासन दिया। साथ ही बस स्टैंड क्षेत्र में नाला निर्माण कर जल निकासी को तेज करने के सुझाव पर भी विचार किया गया।
इसके बाद टीम ने होस्पिटल रोड स्थित कार-टैक्सी स्टैंड का दौरा किया, जहां अतिक्रमण और सड़क निर्माण में बाधा की शिकायतें सामने आई थीं। कुचिपला भैरूंजी मंदिर के पास नगर पालिका भूमि पर सड़क निर्माण में बाधा डालने वाले लोगों को मौके पर बुलाकर समझाइश दी गई और स्पष्ट चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित व्यक्ति बाबूलाल ने आश्वासन दिया कि वे निर्माण कार्य में सहयोग करेंगे, साथ ही पानी निकासी का ध्यान रखने की बात कही।

इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता मो. मुश्ताक़ खां कायमखानी ने कब्रिस्तान के पास नगर पालिका भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की ओर भी ध्यान आकर्षित किया, जिस पर ईओ ने तत्काल निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महेंद्र जमादार सहित नगर पालिका के सभी जमादार, सुमित्रा आर्य, मोहनसिंह चौहान, मो. मुश्ताक़ खां कायमखानी, मनोज टाक सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan