कुचामन के हीरालाल खींची ने लौटाया रुपयों और दस्तावेजों से भरा पर्स, पेश की ईमानदारी की मिसाल

कुचामन सिटी में एक साधारण से दिखने वाले काम ने रविवार को समाज के सामने ईमानदारी की एक बड़ी मिसाल पेश कर दी। दल्ला बालाजी रोड निवासी हीरालाल खींची ने सड़क पर मिला रुपयों और जरूरी दस्तावेजों से भरा पर्स उसके असली मालिक तक पहुंचाकर यह साबित कर दिया कि आज भी समाज में भरोसा जिंदा है।

दरअसल, हीरालाल खींची कुचामन सिटी से बीकानेर की ओर जा रहे थे। नागौर से पहले रोल में एक होटल पर चाय के लिए रुकने के दौरान उन्हें एक पर्स मिला। पर्स खोलकर देखा तो उसमें नकदी के साथ डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड जैसे अहम दस्तावेज मौजूद थे। ऐसी स्थिति में जहां कई लोग लालच में आ सकते हैं, वहीं हीरालाल ने ईमानदारी का रास्ता चुना और पर्स को सुरक्षित अपने पास रख लिया।

कुचामन लौटने के बाद उन्होंने बिना देर किए पर्स को पुलिस थाने में सौंप दिया। थाना प्रभारी सतपाल सिंह सिहाग ने पर्स में मौजूद दस्तावेजों के आधार पर मालिक से संपर्क किया और कुचामन बुलाया।

पर्स के मालिक पुनीत इनाणिया, जो नागौर जिला परिषद कार्यालय में कार्यरत हैं और चिमराणा गांव के निवासी हैं, जब कुचामन थाने पहुंचे तो समाजसेवी रमेश चावला की मौजूदगी में उन्हें उनका पर्स सुपुर्द किया गया। पर्स में रखी पूरी राशि और सभी दस्तावेज सुरक्षित पाकर पुनीत इनाणिया ने राहत की सांस ली और हीरालाल खींची व पुलिस का आभार जताया।

error: News 1 Rajasthan