गंभीर घायल को अस्पताल पहुंचाकर दिखाई मानवता, अरुण चावला बने ‘गुड सेमेरिटन’—राजस्थान सरकार ने किया सम्मानित

कुचामन सिटी में मानवता की मिसाल पेश करने वाले नागरिक अरुण चावला को राजस्थान सरकार ने “मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना – गुड सेमेरिटन सम्मान” से सम्मानित किया है। सड़क दुर्घटना में घायल एक अज्ञात व्यक्ति की समय पर सहायता कर उन्हें अस्पताल पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर यह सम्मान प्रदान किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते साल 19 जुलाई 2025 को अरुण चावला ने सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल मदद देते हुए बिना देरी किए चिकित्सालय पहुँचाया, जिससे पीड़ित को समय पर उपचार मिल सका और उसकी जान बचने की संभावना बढ़ गई। उनकी इस तत्परता को प्रशासन और चिकित्सा विभाग ने सराहा है।

राजकीय जिला चिकित्सालय, कुचामन सिटी के वरिष्ठ विशेषज्ञ एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर डॉ. सत्यनारायण कुम्हार ने बताया कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे “गोल्डन आवर” कहा जाता है, जीवन बचाने के लिए बेहद अहम होता है। इस दौरान यदि घायल को शीघ्र अस्पताल पहुँचा दिया जाए तो उसके बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

वहीं प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी. एस. ढाका ने कहा कि अरुण चावला जैसे जागरूक नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना के पीड़ितों की मदद करने में हिचकिचाएं नहीं, बल्कि आगे आकर मानवता का परिचय दें।

इस अवसर पर पूर्व पीएमओ डॉ. शकील अहमद ने आमजन को संदेश देते हुए कहा कि किसी भी दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करना केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि एक मानवीय कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गुड सेमेरिटन को सुरक्षा और सम्मान देने की व्यवस्था की गई है, इसलिए लोग बिना किसी डर के आगे आएं और जरूरतमंदों की मदद करें।

गौरतलब है कि राजस्थान सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री आयुष्मान जीवन रक्षा योजना के तहत सड़क दुर्घटना के पीड़ित को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुँचाने वाले नागरिकों को सम्मान के साथ-साथ 10 हजार रुपए तक की प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है। इस योजना का उद्देश्य समाज में मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना और अधिक से अधिक लोगों को मदद के लिए प्रेरित करना है।

error: News 1 Rajasthan