कुचामन सिटी , भारत रत्न, संविधान निर्माता और समता-न्याय के अग्रदूत डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर कुचामन सिटी में पहली बार दो दिवसीय भव्य आयोजन होने जा रहा है। शहर में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
अंबेडकर विकास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व उपसभापति हेमराज चावला ने बताया कि आगामी13 अप्रैल को कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 10 बजे कोठारी भवन, स्टेशन रोड पर विशाल रक्तदान शिविर से होगी। भीम युवा शक्ति के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में सांगलिया धूणी पीठाधीश्वर श्री श्री 108 श्री ओमदास जी महाराज का पावन सानिध्य रहेगा।

युवा समाजसेवी प्रमोद आर्य और जसराज खुड़ीवाल ने रक्तदान शिविर की जानकारी देते हुए कहा कि यह शिविर सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगा और इसका उद्देश्य जरूरतमंदों को जीवनदान देना तथा युवाओं में सेवा और मानवता की भावना को जागृत करना है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।
खेताराम सिसोदिया , संतोष सारवान और विमल लखन ने बताया कि उसी दिन 13 अप्रैल की शाम 7 बजे अंबेडकर विकास समिति के तत्वावधान में पुराना बस स्टैंड, कुचामन सिटी पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों के साथ बाबा साहेब के विचारों पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी जगदीश राय ने बताया कि यह दो दिवसीय आयोजन समाज को एकजुट करने और युवा पीढ़ी को बाबा साहेब के आदर्शों से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा और लोगों में समानता व शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
आयोजन से जुड़े रतन लाल ढेनवाल, दिनेश लाडना,जवाना राम मोहनपुरिया,अशोक मोहनपुरिया, शंकर लाल रुपाराम भाटी एवं रामनिवास जाटोलिया ने संयुक्त रूप से बताया कि 14 अप्रैल को सुबह 8 बजे आथुना दरवाजा, ठाकुर बाड़ी से भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ होगा ।

शोभायात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई कनोई पार्क स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर सम्पन्न होगी।
आयोजकों ने शहरवासियों, युवाओं एवं मातृशक्ति से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस ऐतिहासिक दो दिवसीय आयोजन को सफल बनाएं और बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं।
