भाजपा स्थापना दिवस पर डीडवाना मे देश को ‘विश्व गुरु’ बनाने का संकल्प दोहराया

बदलते वैश्विक परिदृश्य और अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच केंद्र सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। यह बात केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने सोमवार को डीडवाना में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को किसी भी परिस्थिति में असहाय नहीं छोड़ा जाएगा।


कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सत्ता नहीं, बल्कि देश को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाना है। “सभी कार्यकर्ता मिलकर भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने के संकल्प को साकार करें,” उन्होंने आह्वान किया। साथ ही उन्होंने पार्टी के संघर्षपूर्ण सफर को याद करते हुए कहा कि आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत के रूप में उभरी है, जिसका आधार जनता का विश्वास और संगठन की मेहनत है।


इससे पहले कुचामन सिटी में राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।

कालाभाटा की ढाणी स्थित अपने निवास पर राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उनका उत्साहपूर्वक अभिनंदन किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और कार्यकर्ताओं का जोश साफ तौर पर देखने को मिला।

डीडवाना के मलियान सूर्य मंदिर में आयोजित स्थापना दिवस और प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में करोड़ों लोगों को गरीबी रेखा से बाहर लाया गया है और बड़ी संख्या में जरूरतमंदों तक खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूत पहचान बना चुका है।


कार्यक्रम के दौरान भाजपा नागौर देहात जिलाध्यक्ष सुनीता माहेश्वरी ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 7 अप्रैल को अस्पतालों में स्वच्छता अभियान चलाकर चिकित्सा कर्मियों का सम्मान किया जाएगा। वहीं 10 से 12 अप्रैल तक ‘ग्राम एवं बस्ती चलो अभियान’ के जरिए कार्यकर्ता गांव-ढाणियों तक पहुंचेंगे।
उन्होंने आगे बताया कि 11 अप्रैल को महात्मा ज्योतिराव फूले की जयंती पर पुष्पांजलि कार्यक्रम होंगे, जबकि 14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर जयंती पर विशेष आयोजन किए जाएंगे।

भाजपा नेता जितेंद्र सिंह जोधा ने कहा कि पार्टी की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है और हर कार्यकर्ता को संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।

विधानसभा चुनाव में मकराना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रही सुमिता भींचर ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की नीतियां समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही हैं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें।

इस मौके पर जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी ,भाजपा जिला महामंत्री डॉक्टर देवी लाल दादरवाल , प्रवीण पुरोहित, प्रमोद आर्य, खेताराम, मुकेश ओझा, पवन टाक,जहांगीर भाटी सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी और जिले भर के कार्यकर्ता मौजूद रहे

error: News 1 Rajasthan