राष्ट्रीय गुजरात गौरव सम्मान 2026 से सम्मानित हुए कुचामन के ओम प्रकाश खोरवाल, बोले—“सेवा ही जिंदगी का मकसद”

डीडवाना–कुचामन जिले के लिए आज गर्व का पल उस वक्त बना जब समाज सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर उल्लेखनीय कार्य कर रहे कुचामन निवासी ओम प्रकाश खोरवाल को “राष्ट्रीय गुजरात गौरव सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गुजरात के वलसाड स्थित हार्टफुलनेस ध्यान योग प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।

यह समारोह यूनिक रिकॉर्ड्स ऑफ यूनिवर्स (दिव्य प्रेरक कहानियां मानवता अनुसंधान केन्द्र न्यास, आजमगढ़) एवं धराधाम इंटरनेशनल, गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम डॉ. अभिषेक कुमार (मुख्य प्रबंध निदेशक) तथा संत डॉ. सौरभ पाण्डेय महाराज के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।

ओम प्रकाश खोरवाल वर्तमान में रैगर समाज पंचायत विकास समिति, कुचामन सिटी के सचिव होने के साथ ही राउमावि मीठड़ी में उप-प्राचार्य के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें शिक्षा, समाज सेवा और जनजागरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में देशभर से आए विशिष्ट अतिथियों में विजय पाटिल, प्रो. अजीत कुमार जैन, प्रो. जनक सिंह मीणा, डॉ. डी.आर. रोवाला (आईआरएस), हितेन शाह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों, शिक्षाविदों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

ये सम्मान मेरा नहीं पूरे कुचामन क्षेत्र का – खोरवाल

सम्मान प्राप्त करने के बाद ओम प्रकाश खोरवाल ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे कुचामन क्षेत्र और उन सभी लोगों का है, जिनके सहयोग और प्रेरणा से वे समाज व शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “सेवा ही जीवन का वास्तविक उद्देश्य है, और आगे भी शिक्षा व समाज उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करता रहूंगा।”

इस उपलब्धि पर डीडवाना–कुचामन जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे शिक्षा, साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।

error: News 1 Rajasthan