शहीद हैड कांस्टेबल सुखाराम खोजा का जीवन त्याग, साहस और देशभक्ति का अद्भुत उदाहरण है और उनका बलिदान हमेशा देश सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा, ये कहना था किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी का ,जो कि परबतसर उपखंड के चिताई रोड स्थित खोजा की ढाणी, ग्राम ढूढिया में शहीद सुखाराम खोजा की प्रतिमा अनावरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे।

इस कार्यक्रम में परबतसर विधायक रामनिवास गवाड़िया, नारायण टोगस (डीआईजी एसीबी अजमेर) सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन भी मौजूद रहे। अतिथियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बलिदान को नमन किया।

नारायण टोगस (डीआईजी एसीबी अजमेर) ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा में रहते हुए शहीद सुखाराम खोजा ने कर्तव्य के प्रति सर्वोच्च समर्पण का परिचय दिया। उनका बलिदान पुलिस विभाग ही नहीं, पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है और यह हमें अपने दायित्वों के प्रति ईमानदारी और साहस के साथ कार्य करने की सीख देता है।

वहीं विधायक रामनिवास गवाड़िया ने कहा कि शहीदों का सम्मान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सुखाराम खोजा जैसे वीर सपूतों के कारण ही देश सुरक्षित है और उनकी शहादत को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। यह प्रतिमा क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्र सेवा और समर्पण का संदेश देती रहेगी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने शहीद के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और अतिथियों ने शहीद के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। देशभक्ति के माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद:
किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी, विधायक रामनिवास गवाड़िया, नारायण टोगस (डीआईजी एसीबी अजमेर), मकराना पुलिस उपाधीक्षक विक्की नागपाल, प्रधान ओमप्रकाश मुडवाडिया, जिला परिषद सदस्य रिद्धाराम सारण, प्रेमसुख दडिया (आईपीएस), रामचंद्र ठोरिया (सीआरपीएफ), संजय चौधरी, सत्यनारायण चौधरी (सीआई), सुरजीत ठोलिया, अमरचंद जाजड़ा, मांगीलाल चोयल, पूराराम चोयल, ओमप्रकाश नैण, अमर सिंह राजपुरोहित (पूर्व सरपंच), राजूराम मुदलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।
