डीडवाना-कुचामन जिले के सिंघाना स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र आदित्य सोलंकी ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान, अजमेर के दसवीं कक्षा के मंगलवार को घोषित परिणामों में शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। साधारण परिवार से आने वाले आदित्य ने 96.33% अंक प्राप्त कर विद्यालय के अब तक के सर्वाधिक परिणाम का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया।

लाडनूं उपखंड के गुणपालिया गांव निवासी आदित्य के पिता कुमेश कुमार लेखाकार हैं, जबकि माता सरिता देवी गृहणी हैं। अपनी मेहनत और अनुशासन के बल पर आदित्य ने यह मुकाम हासिल किया। खास बात यह रही कि आदित्य पिछले सत्र में नवोदय विद्यालय में कक्षा 9 का छात्र था, लेकिन उसने वहां से पढ़ाई छोड़कर सिंघाना के राजकीय विद्यालय में प्रवेश लिया और यहीं से अपनी सफलता की नई कहानी लिखी।
पढ़ाई के साथ-साथ आदित्य ने योग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वह योग प्रतियोगिता में डीडवाना-कुचामन जिला विजेता रह चुका है और राज्य स्तर पर भी विद्यालय व जिले का प्रतिनिधित्व कर चुका है। आदित्य का कहना है कि योग के कारण उसे पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने में काफी मदद मिली।

आदित्य ने रोजाना करीब 8 घंटे नियमित अध्ययन किया और कठिन परिश्रम के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। उसने विज्ञान विषय में 99 अंक और गणित में 98 अंक प्राप्त किए, जिसमें व्याख्याता टीकमचन्द और वरिष्ठ अध्यापक किशन लाल का विशेष मार्गदर्शन रहा।
आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा, मुझे सभी शिक्षकों का मार्गदर्शन मिला, लेकिन विशेष रूप से प्रधानाचार्य छोटूराम सर और सैयद इमरान अली सर ने मुझे हमेशा प्रेरित किया। उन्होंने समय का सही उपयोग और एकाग्रता के साथ पढ़ाई करने की सीख दी, जिससे मुझे यह सफलता मिली।
प्रधानाचार्य छोटूराम ने आदित्य की सफलता पर गर्व जताते हुए कहा, आदित्य बेहद अनुशासित और मेहनती छात्र है। उसने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह हमारे स्कूल के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है।

अध्यापक सैयद इमरान अली ने आदित्य को बधाई देते हुए कहा, आदित्य की सफलता यह साबित करती है कि निरंतर मेहनत, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। मैं सभी विद्यार्थियों से कहना चाहता हूं कि वे समय का सदुपयोग करें, अपनी कमियों को पहचानें और पूरी लगन से पढ़ाई करें—सफलता जरूर मिलेगी।
