कुचामन सिटी। श्री दिगंबर जैन महासमिति मंडल द्वारा आदिनाथ जयंती से महावीर जयंती तक आयोजित किए जा रहे “घर-घर मंगलाचार” कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ रविवार को पुराने नसियांजी (काले बाबा पार्श्वनाथ भगवान मंदिर) से श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया गया।
समाजसेवी नेहा पहाड़िया ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत भक्तामर आरती से हुई, जिसमें 48 दीपकों द्वारा भगवान की भव्य आरती धूमधाम से की गई। कुचामन के प्रसिद्ध गायक अजीत पाण्ड्या ने भक्तामर आरती के मंत्रों का सुमधुर और भावपूर्ण उच्चारण कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इसके पश्चात मेघा पाहाड़िया, वर्षा झांझरी एवं टीना पांडा की टीम ने मंगलाचार की सुंदर प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित श्रद्धालुओं ने खूब सराहा। कार्यक्रम के दौरान भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिनका महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ आनंद लिया।
महासमिति मंडल की मंत्री श्रीमती कल्पना बज ने बताया कि आयोजन में महावीर भगवान से संबंधित प्रश्नोत्तरी भी आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस पुण्य आयोजन के पुण्यार्जक सुशीला अशोक जी काला, इंद्रा सुभाष गंगवाल, आशा आनंद सेठी एवं सरोज राजकुमार जी निखार (साड़ी वाले) रहे।

मंडल की अध्यक्षा रीमा सेठी ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया, वहीं कोषाध्यक्ष अंशु पाहाड़िया ने कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में सीमा बज, रानी पाटनी, रेखा-नीरज पाहाड़िया, कविता बज, खुशबू पाटनी, जिमी पाटोदी, अलका झांझरी एवं शोभा रावका सहित दिगंबर जैन समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
