मकराना शहर में उस समय उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला, जब मध्य राजस्थान माहेश्वरी महिला संगठन की नव नियुक्त प्रदेश सचिव मीनाक्षी रान्दड़ का विभिन्न स्थानों पर समाज की महिलाओं और कॉलोनीवासियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मान किया गया। जगह-जगह महिलाओं ने पुष्प वर्षा, माल्यार्पण और अभिनंदन के माध्यम से अपनी खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर मीनाक्षी रान्दड़ ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक पद नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण दायित्व है, जिसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए समाज की हर बहन को साथ जोड़ना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

अपनी नियुक्ति पर उन्होंने विशेष रूप से कहा कि वे उन महिलाओं को भी आगे लाने का प्रयास करेंगी, जिन्होंने वर्षों तक संगठन के लिए कार्य किया लेकिन किसी कारणवश उन्हें उचित अवसर नहीं मिल पाया। ऐसी सभी बहनों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उन्हें संगठन में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मीनाक्षी रान्दड़ ने आगे कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकजुटता में है, इसलिए सभी बहनों से सकारात्मक सहयोग और सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान शशि लढ़ा, शोभा डागा, बसंती चौखड़ा, सुमन माहेश्वरी, सीमा मंत्री, कोमल रान्दड़, प्रेमलता रान्दड़, सुनीता रान्दड़, सुशीला रान्दड़, रेणु रान्दड़, सुनीता डागा, ममता मालपानी सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं और सभी ने नव नियुक्त प्रदेश सचिव को शुभकामनाएं दीं।
