डीडवाना–कुचामन जिले के नावां विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगने जा रहा है। क्षेत्र के सक्रिय युवा नेता रामनिवास पोषक ने कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) में शामिल होने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि वे अपने समर्थकों के साथ जल्द ही जयपुर स्थित प्रदेश मुख्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
RLP जिला प्रभारी भूराराम शेषमा ने बताया कि प्रगतिशील किसान के रूप में पहचान रखने वाले दीपपुरा निवासी क्षेत्र की चर्चित शख्सियत प्रभुराम पोषक के साथ ,उनके पुत्र रामनिवास पोषक जो वर्षों से कांग्रेस के प्रति समर्पित रहे है ,जल्द ही अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ RLP का दामन थामेंगे। राजनीतिक जानकार इसे नावां विधानसभा में बदलते समीकरणों के तौर पर देख रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, RLP सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल स्वयं जयपुर में सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
RLP के जिला प्रभारी भूराराम शेषमा ने कहा कि डीडवाना–कुचामन जिले में पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। उनका कहना है कि आमजन अब पारंपरिक दलों से विकल्प की तलाश में है और RLP उस उम्मीद पर खरी उतर रही है। शेषमा ने दावा किया कि वर्ष 2026 के पंचायत और नगर निकाय चुनावों के साथ-साथ 2028 के विधानसभा चुनाव में भी RLP मजबूती से मैदान में उतरेगी और भाजपा तथा कांग्रेस दोनों को कड़ी टक्कर देगी।
वहीं रामनिवास पोषक ने अपने फैसले को जनहित से जोड़ते हुए कहा कि वे हमेशा धरातल पर रहकर जनता के बीच काम करते आए हैं। उनका मानना है कि RLP के मंच से जुड़कर वे आमजन की समस्याओं को और मजबूती से उठा सकेंगे। पोषक ने कहा कि हनुमान बेनीवाल का 36 कौम के प्रति समर्पण और संघर्षशील राजनीति उन्हें प्रेरित करती है। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले हर चुनाव में वे RLP को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे और पार्टी को क्षेत्र में अग्रणी बनाने का प्रयास करेंगे।

नावा विधानसभा में इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद आगामी चुनावों को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं और अब सबकी नजर जयपुर में होने वाले औपचारिक सदस्यता कार्यक्रम पर टिकी है
