डीडवाना–कुचामन जिले के कुचामन नगर परिषद परिसर में आज शाम पार्षदों के सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। समारोह के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शिलान्यास भी किया जाएगा।
नगर परिषद आयुक्त शिकेश कांकरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक उपयोग के भवनों से जुड़े कार्यों, आधारभूत सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों सहित कुल 70 से अधिक विकास कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा। इन सभी कार्यों की कुल लागत 35 करोड़ रुपए से अधिक है, जिससे आने वाले समय में कुचामन शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

आयुक्त शिकेश कांकरिया ने बताया कि ये विकास कार्य शहर की मूलभूत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए हैं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ इन कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का प्रयास किया जाएगा।

नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल ने विदाई समारोह को पार्षदों के योगदान को सम्मान देने वाला अवसर बताते हुए कहा कि पार्षदों ने अपने कार्यकाल में शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आज जिन विकास कार्यों का शिलान्यास होने जा रहा है, वे कुचामन के भविष्य को मजबूत आधार प्रदान करेंगे और शहर को एक नई पहचान देंगे।
राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार शहरी विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। कुचामन नगर परिषद क्षेत्र में 35 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से होने वाले विकास कार्य सरकार की विकासपरक सोच का प्रमाण हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।

विदाई समारोह के साथ-साथ विकास कार्यों के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर नगर परिषद परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर परिषद के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहेंगे।
