मकराना : शराब ठेके में चोरी और आगजनी की वारदात का खुलासा, मकराना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार


डीडवाना–कुचामन जिले के मकराना थाना क्षेत्र में रात्रि के समय शराब ठेके में चोरी कर आगजनी करने के गंभीर मामले का मकराना पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी द्वारा नकद राशि चोरी कर शराब के कार्टून में आग लगाई गई थी, जिसे त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देश में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचन्द खारिया (RPS) तथा वृत्ताधिकारी मकराना विकी नागपाल (RPS) के सुपरविजन में, मकराना थाना पुलिस टीम द्वारा की गई। मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने। बताया कि पुलिस ने आरोपी हरेन्द्र रूलानिया उर्फ हरीराम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10,220 रुपये नकद, परिवादी के महत्वपूर्ण कागजात तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी नंबर RJ 37 SV 8558 बरामद की है। उन्होंने बताया कि यह घटना 3 जनवरी 2026 की है। ग्राम बूडसू स्थित शराब ठेका के सेल्समैन लौकेन्द्र सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि तड़के करीब चार बजे , चाय सप्लाई करने वाला युवक ठेके के ऊपर बने कमरे में आया, आवाज लगाई और उसके बाद कमरे में रखी चाबी निकालकर दुकान में प्रवेश किया। आरोपी ने गल्ले में रखे नकद रुपये और कागजात चोरी किए तथा शराब के कार्टून में आग लगाकर मौके से फरार हो गया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। फील्ड इंटेलिजेंस, स्थानीय आसूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया और समस्त माल मशरूका बरामद कर लिया।
थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा ने अपराधियों के नाम संदेश देते हुए कहा कि मकराना थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की चोरी, आगजनी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

error: News 1 Rajasthan