डीडवाना–कुचामन स्वर्णकार समाज चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले में ,डीडवाना के महावीर प्रसाद सोनी विजयी, 967 मतों से बने जिलाध्यक्ष

जिला डीडवाना–कुचामन मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था (रजि.) के जिला अध्यक्ष एवं तहसील अध्यक्ष पदों के चुनाव रविवार देर रात कुचामन सिटी में शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुए। त्रिकोणीय मुकाबले में डीडवाना के महावीर प्रसाद सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए, जिलाध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की।

चुनाव प्रक्रिया कुचामन के वृंदावन मैरिज गार्डन में आयोजित की गई, जहां दिनभर गहमागहमी बनी रही। शाम तक चले मतदान में कुल 2929 मतदाताओं में से 2197 सदस्यों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान डीडवाना, कुचामन सिटी, नावा, मकराना, परबतसर और लाडनूं की सभी छह तहसीलों से आए स्वर्णकार समाज के सदस्यों द्वारा निर्धारित मतदान केंद्रों में किया गया। बाद में मत पेटियों को कुचामन लाया गया और चुनाव अधिकारियों की उपस्थिति में मतगणना शुरू की गई ।

स्वर्णकार समाज के सुनील धूपड़ ने बताया कि चुनाव राजस्थान प्रदेश मैढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार समाज संस्था (रजि.) के संगठन मंत्री कैलाशचंद धतुरा के पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुए। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रेमराज सोलीवाल (मेड़ता सिटी) रहे, जबकि अतिरिक्त चुनाव अधिकारी संतोष अग्रोया (अजमेर), गोरधनलाल सहदेव (अजमेर) और पुरुषोत्तम तोषावड़ (डेगाना) रहे। चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी कालूराम रोडा (अजमेर) ने संभाली।

जिलाध्यक्ष पद के लिए नवल किशोर सोनी, महावीर प्रसाद सोनी और परमानन्द सोनी के बीच मुकाबला हुआ। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में महावीर प्रसाद सोनी को 967 मत प्राप्त हुए, जबकि नवल किशोर सोनी को 633 और परमानन्द सोनी को 597 मत मिले। इस प्रकार महावीर प्रसाद सोनी ने नवल किशोर सोनी को 334 मतों के अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही महावीर प्रसाद सोनी के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई , मतगणना स्थल क्षेत्र। में आतिशबाजी शुरू हो गई विजयी उम्मीदवार का जबरदस्त स्वागत किया गया।

जीत के बाद महावीर प्रसाद सोनी ने कहा कि यह जीत पूरे स्वर्णकार समाज की एकता और विश्वास की जीत है। उन्होंने कहा कि समाज ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। संगठन को और अधिक मजबूत करना, युवाओं को जोड़ना तथा समाज के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने चुनाव में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं, चुनाव अधिकारियों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया।

error: News 1 Rajasthan