नावां सिटी में प्रस्तावित उप जिला चिकित्सालय भवन निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत राजास में जिला कलेक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत द्वारा किए गए भूमि आवंटन के विरुद्ध जनभावनाएं लगातार प्रबल होती जा रही हैं। आमजन की सुविधा, त्वरित चिकित्सा सेवाओं और शहर के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए नावां सिटी में ही उप जिला चिकित्सालय का नवीन भवन शहर की सीमा में एवं आमजन की पहुँच योग्य भूमि पर बनाए जाने की माँग को लेकर सर्व समाज एकजुट हो गया है।
इसी क्रम में कल 22 दिसंबर 2025 (सोमवार) को सुबह 11:15 बजे सर्व समाज द्वारा मुख्यमंत्री भजन लाल के नाम एक ज्ञापन उपखंड अधिकारी , नावां को सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से राजास में किए गए भूमि आवंटन को निरस्त कर नावां सिटी में ही उप जिला चिकित्सालय भवन के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित कर शीघ्र निर्माण कार्य प्रारंभ करने की माँग की जाएगी।
इस आयोजन में व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, युवाओं एवं आम नागरिकों सहित सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेकर क्षेत्र के विकास एवं जनहित की इस माँग को मजबूती प्रदान करेंगे।
