सेवा और संवेदना की मिसाल बना विद्यालय स्टाफ, गुर्जरों की ढाणी में विद्यार्थियों को मिला समानता का संदेश

ग्राम जूसरी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गुर्जरों की ढाणी में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों की भी सुंदर मिसाल देखने को मिली, जब स्थानीय विद्यालय के समस्त स्टाफ ने भामाशाह की भूमिका निभाते हुए कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यार्थियों को टी-शर्ट वितरित की। करीब 30 हजार रुपये की लागत से किए गए इस वितरण ने बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी और विद्यालय परिसर उत्साह से भर उठा।

कार्यक्रम में मकराना के अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हुक्माराम लेगा, जूसरी पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी भंवरलाल, जूसरी सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मणराम भाकर सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय के प्राचार्य मनोज जांगिड़ के नेतृत्व में आयोजित इस आयोजन में शिक्षक-शिक्षिकाओं और स्टाफ सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को व्यवहार में उतार कर दिखाया।

इस अवसर पर एसीबीईओ हुक्माराम लेगा ने विद्यालय स्टाफ के इस नवाचार की खुले मन से सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। उन्होंने विद्यालय की सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली, अनुशासित वातावरण और शैक्षणिक गुणवत्ता की भी प्रशंसा की तथा कहा कि ऐसे प्रयास शिक्षा को संवेदनशील और समावेशी बनाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान रामनिवास, चैनाराम, मो. शहनवाज, गीता, रेखा कुमारी, किरण, सुनीता, निकिता, प्रभुराम, भंवरलाल, पोकरराम, हनुमानराम सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। टी-शर्ट वितरण का यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के लिए यादगार बना, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि जब शिक्षक आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाते हैं, तो विद्यालय समाज के लिए प्रेरणा का केंद्र बन जाता है।

error: News 1 Rajasthan