नगर परिषद कुचामन सिटी परिसर में गुरुवार मेघवाल समाज की ओर से भाजपा कुचामन शहर मंडल महामंत्री जसराज खुड़ीवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नगर परिषद सभापति का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया। इसके पश्चात समाज की लंबे समय से लंबित समस्या को लेकर सभापति को लिखित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में जसराज खुड़ीवाल सहित समाज के लोगों ने बताया कि स्टेशन रोड स्थित मेघवाल समाज भवन में काफी समय से पानी निकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है। जलभराव की स्थिति के कारण समाज भवन में अध्ययनरत बच्चों एवं आसपास निवास करने वाले लोगों में बीमारियां फैलने की आशंका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के संबंध में पूर्व में दिनांक 22 अगस्त 2023 को तत्कालीन सरकार को भी लिखित रूप से अवगत कराया गया था, लेकिन उस समय कांग्रेस सरकार होने के कारण अनुसूचित जाति समाज की इस गंभीर समस्या पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

जसराज खुड़ीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने हमेशा अनुसूचित जाति समाज के लोगों की समस्याओं की अनदेखी की और आज तक समाधान नहीं किया गया। अब प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद समाज को उम्मीद है कि इस मूलभूत समस्या का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने नगर परिषद सभापति से आग्रह किया कि जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मेघवाल समाज भवन की जलनिकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए।
इस अवसर पर मेघवाल समाज समिति अध्यक्ष रतनलाल डेनवाल, चिरंजीलाल बनिया, गोविंदराम जाखड़, महेश नारनोलिया, सुनील खुड़ीवाल, रुपेश खुड़ीवाल, शीशपाल भाकल, गोपाल, रामचंद्र, दीपक, हरीश एवं लोकेंद्र सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
