रशीद अहमद ने राज्य स्तरीय विज्ञान मेले में मारी बाजी, पाँच मॉडल और तीन टीचिंग एड, पश्चिम भारत विज्ञान मेला के लिए चयनित

शकील अहमद उस्मानी/डीडवाना, बीकानेर में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय विज्ञान मेला इस बार डीडवाना – कुचामन जिले के लाडनूं उपखंड के सारडी गांव के शिक्षक रशीद अहमद के नाम रहा, जिन्होंने टीचिंग एड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर प्रदेशभर के प्रतिभागियों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित यह मेला नवाचार और वैज्ञानिक प्रतिभा का संगम साबित हुआ, जिसमें बीकानेर, कोटा, जोधपुर, उदयपुर तथा अजमेर–जयपुर संभागों से 20 स्कूलों की छात्र टीमों और 15 शिक्षकों ने हिस्सा लिया।

मॉडल प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल कोटा की टीम ने बेहतरीन प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि भारतीय विद्या भवन विद्याश्रम जयपुर द्वितीय और श्री आत्म वल्लभ जैन पब्लिक स्कूल श्रीगंगानगर तृतीय स्थान पर रहे। उदयपुर के महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल की दो टीमों ने चौथा और पाँचवाँ स्थान प्राप्त कर पश्चिम भारत विज्ञान मेले की पात्रता अर्जित की। विजेता टीमों को क्रमशः 4000, 2800 और 2000 रुपये के नकद पुरस्कार तथा दो सांत्वना पुरस्कार स्वरूप 400-400 रुपये प्रदान किए गए।

टीचिंग एड प्रतियोगिता में डीडवाना निवासी सारड़ी के शिक्षक रशीद अहमद ने अपने नवाचारी शिक्षण मॉडल से निर्णायकों को प्रभावित किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। उदयपुर की शिप्रा भोजक को द्वितीय तथा आर्मी स्कूल बीकानेर के मानवेन्द्र सिंह राजपुरोहित को तृतीय स्थान मिला। इस श्रेणी में 2000, 1200 और 800 रुपये के पुरस्कार दिए गए, जबकि एक प्रतिभागी को 400 रुपये का सांत्वना पुरस्कार मिला।

राज्य स्तर पर चयनित पाँच मॉडल और तीन टीचिंग एड, अब राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए 10 से 13 दिसंबर तक नेहरू विज्ञान केंद्र मुंबई में आयोजित होने वाले पश्चिम भारत विज्ञान मेले में भाग लेंगे। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूल बैग और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में पॉलीटेक्निक कॉलेज के सहायक निदेशक वाई.बी. माथुर, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य अजीतसिंह मान और आई.ए.एस.ई. की रीडर अरुणा बैंस शामिल रहीं, जिन्होंने समापन सत्र में मॉडलों को और सशक्त बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी साझा किए। राज्य स्तरीय विज्ञान मेला प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और नवाचार का सशक्त मंच बनकर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

error: News 1 Rajasthan