मेगा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, पिता-पुत्री की मौत; दो गंभीर घायल ,जयपुर रैफर

कुचामन सिटी, कुचामन सिटी से गुजरने वाले किशनगढ़ – हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। स्विफ्ट कार और पिकअप कैम्पर की आमने-सामने की टक्कर से हुए हादसे में नागौर जिले के तरनाऊ निवासी पिता-पुत्री की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार की दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों ने पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, तरनाऊ निवासी छोटूराम अपने परिवार के साथ स्विफ्ट कार से जयपुर जा रहे थे। मेगा हाईवे पर कुचामन के निकट एक पिकअप वाहन ने अचानक कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया। तेज रफ्तार में यह कोशिश दुर्घटना का कारण बन गई और पिकअप कार से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चारों यात्री कार के भीतर फंस गए।

कुचामन थाना प्रभारी सतपाल सिहाग ने बताया कि हादसे में छोटूराम (नागौर, तरनाऊ) और उनकी बेटी गुड्डी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्नी ग्यारसी देवी और इंदिरा गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत कुचामन सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें जयपुर रैफर किया गया।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, ताकि यातायात बहाल हो सके। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार और गलत ओवरटेकिंग के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

error: News 1 Rajasthan