कलेक्टर डॉ खड्गावत की पहल से शिक्षा को मिला आधार — जिले के 400 से अधिक राजकीय विद्यालयों को मिलेंगे पट्टे, 28 अक्टूबर को कुचामन में होगा ऐतिहासिक कार्यक्रम

.
डीडवाना–कुचामन जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत के निर्देशन में जिला प्रशासन ने शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की है। जिले के 400 से अधिक राजकीय विद्यालयों को अब पट्टे का अधिकार मिलने जा रहा है। यह पहल न केवल विद्यालयों की कानूनी स्थिति को मजबूत करेगी, बल्कि शिक्षा के बुनियादी ढांचे के विकास को भी गति देगी।

जिला प्रशासन द्वारा 28 अक्टूबर को नगर परिषद सभागार, कुचामन सिटी में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और विद्यालयों को एक साथ पट्टे प्रदान करेंगे। डीडवाना के अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहनलाल खटनावलिया ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. खड़गावत ने जिले के पट्टा-विहीन विद्यालयों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए थे।

इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों और विद्यालयों के प्रिंसिपलों को ऐसे सभी विद्यालयों की सूची तैयार करने को कहा गया जिनके पास भूमि के पट्टे नहीं हैं। साथ ही संस्था प्रधानों को आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया के संबंध में मार्गदर्शन भी दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मिशन के तहत जिले के 400 से अधिक विद्यालयों की पहचान की गई और जिला प्रशासन ने अभियान चलाकर उनके पट्टे जारी करने की दिशा में कार्य पूरा किया।

अतिरिक्त जिला कलक्टर खटनावलिया ने कहा कि डॉ. खड़गावत के मार्गदर्शन में शुरू की गई यह पहल शिक्षा क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इससे विद्यालयों में भवन निर्माण, कक्षा-कक्षों का विस्तार, खेल मैदानों का विकास जैसे कार्य अब बिना किसी प्रशासनिक बाधा के पूरे हो सकेंगे। साथ ही स्थानीय स्तर पर जन-सुविधाओं के विस्तार में भी यह कदम सहायक सिद्ध होगा।

28 अक्टूबर को आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम न केवल प्रशासनिक स्तर पर एक सफलता होगी, बल्कि जिले में शिक्षा की बुनियाद को और मजबूत करने वाला ऐतिहासिक दिन भी बनेगा।

error: News 1 Rajasthan