कुचामन में महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस हुई सख्त, 141 प्रतिष्ठानों की जांच — होटल, कैफे व दुकानों का हुआ सत्यापन

कुचामन सिटी। महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने कस्बे में विशेष कार्रवाई शुरू की है। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेमीचंद खारिया और वृत्ताधिकारी अरविन्द बिश्नोई के सुपरविजन में कस्बा कुचामन में महिला पुलिसकर्मियों की चार विशेष टीमों का गठन किया गया।

इन टीमों ने शहर के विभिन्न संस्थानों — होटल, ढाबा, कैफे, दुकानें, मॉल, पीजी और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों — का गहन निरीक्षण एवं चैकिंग की। इस दौरान कुल 141 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें 12 होटल, 8 कैफे, 118 दुकानें और 3 मॉल शामिल रहे।

सत्यापन प्रक्रिया में राजकॉप एप के फोटो मैच फीचर का उपयोग करते हुए वहां कार्यरत कर्मचारियों, मजदूरों और नौकरों के फोटो का मिलान किया गया। कई स्थानों पर गाड़ियों या प्रतिष्ठानों में लगे काले शीशों से काली फिल्म हटवाई गई ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

एएसपी नेमीचंद और वृताधिकारी अरविंद विश्नोई ने बताया कि महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था की मजबूती के लिए यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान पुलिस टीमों ने प्रतिष्ठान संचालकों को भी सजग रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।

यह कार्रवाई कुचामन शहर में महिलाओं के प्रति सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में पुलिस की गंभीरता और तत्परता को दर्शाती है।

error: News 1 Rajasthan