आज सुबह कुचामन सिटी के प्रेमराज जी का बांसडा स्थित उदादास जी की बगीची में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और बगीची के अंदर बने हाल में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।

सुबह करीब 10 बजे लोगों ने बगीची से धुआं उठते देखा तो तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। बताया गया कि हॉल में रखे सामान के साथ एक गैस सिलेंडर भी रखा हुआ था। लोगों ने समझदारी दिखाते हुए सिलेंडर को गड्ढे में डाल दिया और स्पीकर सहित अन्य सामान बाहर निकाल लिया, जिससे विस्फोट जैसी बड़ी दुर्घटना टल गई।

सूचना मिलते ही नगर परिषद सभापति सुरेश सिखवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उनके साथ पार्षद प्रतिनिधि गुलाब कुमावत और पार्षद अयूब शेख भी मौजूद रहे। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ी ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया

सभापति सुरेश सिखवाल ने मौके पर कहा कि “नगर परिषद की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दमकल भेजी। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से बड़ी जनहानि या नुकसान होने से बच गया। परिषद हमेशा ऐसी आपात स्थितियों में जनता के साथ खड़ी रहेगी।” वहीं पार्षद अयूब शेख ने कहा कि “मोहल्लेवासियों ने मिलकर जिस तरह स्थिति को संभाला, वह सराहनीय है। आग भले ही भीषण थी, लेकिन सभी की एकजुटता से नुकसान को कम किया जा सका।”

स्थानीय लोगों के त्वरित सहयोग से जहां बड़ा हादसा टल गया, वहीं इस घटना ने एक बार फिर आग से बचाव और विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता की आवश्यकता का संदेश दिया है।
