डीडवाना नगर परिषद सभागार में GST बचत उत्सव (GST 2.0) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में GST दरों में की गई ऐतिहासिक कटौती को जनता तक पहुँचाने और उसका अधिकतम लाभ दिलाने की अपील की गई। इस अपील को डीडवाना के व्यापारियों ने सहर्ष स्वीकार करते हुए इसे प्रचारित करने और ग्राहकों तक सीधा लाभ पहुँचाने की वचनबद्धता जताई।

कार्यक्रम में सरकार की ओर से सहायक आयुक्त राज्य कर मकराना विजय चौधरी, JCTO प्रहलाद सिंह, वरिष्ठ सहायक असगर अली और ताहिर हुसैन मौजूद रहे। साथ ही वरिष्ठ CA आनन्द प्रकाश परसावत, CA मुकेश रुवतिया, CA मुकेश जोशी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग भी उपस्थित रहा।

सहायक आयुक्त राज्य कर विजय चौधरी ने कहा कि GST सुधार आमजन को राहत देने के उद्देश्य से लागू किए गए हैं। दरों में कटौती से न केवल वस्तुओं और सेवाओं की कीमतें कम होंगी बल्कि बाजार में पारदर्शिता और प्रतिस्पर्धा भी बढ़ेगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे इस लाभ को उपभोक्ताओं तक बिना किसी बाधा के पहुँचाएँ ताकि सुधारों का वास्तविक असर दिख सके। वरिष्ठ CA आनन्द प्रकाश परसावत, CA मुकेश रुवतिया और CA मुकेश जोशी ने भी विचार रखते हुए कहा कि सरकार के इस कदम से व्यापार में आसानी होगी और टैक्स स्ट्रक्चर सरल बनेगा।

उन्होंने इसे ऐतिहासिक सुधार बताते हुए व्यापार जगत को लाभकारी करार दिया। डीडवाना के व्यापारियों ने कहा कि वे ग्राहकों को सही बिल देंगे और दरों में कमी का फायदा सीधे उपभोक्ताओं को देंगे। व्यापारियों ने इसे “आमजन की जेब में राहत” बताते हुए प्रधानमंत्री और वित्त मंत्रालय का आभार भी व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ CA आनन्द प्रकाश परसावत ने किया।
