राज्य मंत्री विजय सिंह ने शिव गांव में किया जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ,स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का भी किया लोकार्पण

कुचामन सिटी, 69वीं जिला स्तरीय 17/19 आयु वर्ग छात्र-छात्रा बैडमिंटन प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारम्भ सोमवार को शिव के नवनिर्मित स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ राजस्थान सरकार के माननीय राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने किया। इस मौके पर उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी (मा.) डीडवाना-कुचामन अजित सिंह देथा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवर लाल खोखर और ग्राम पंचायत शिव के प्रशासक लाला राम अणदा भी मौजूद रहे।

इससे पहले शिव पहुंचे राज्यमंत्री चौधरी ने स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया । कार्यक्रम के दौरान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए भूमि दान देने वाले भामाशाह बिहारी लाल सोनी, भेरू राम, बेगा राम और खेता राम रणवां का सम्मान माल्यार्पण, साफा बंधन और प्रतीक चिह्न भेंट कर किया। इसके साथ ही कॉम्पलेक्स निर्माण में सहयोग करने वाले समस्त भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर रामेश्वर लाल एवं लक्ष्मण सिंह बराला ने खेल मैदान का मुख्य द्वार निर्माण करवाने की घोषणा भी की।खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए राज्यमंत्री विजय सिंह चौधरी ने संबोधन में कहा कि “खेल केवल जीत-हार का नाम नहीं है, बल्कि जीवन में अनुशासन, समर्पण और संघर्ष की सीख देता है। खिलाड़ी खेल को खेल भावना से खेलें और खेलों के जरिए अपनी प्रतिभा को निखारते हुए समाज और देश का नाम रोशन करें।” उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

डीईओ (मा.) अजित सिंह देथा और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भंवर लाल खोखर ने कहा कि खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं। शारीरिक शिक्षक संघ अध्यक्ष विनोद चौधरी ने ग्रामवासियों को स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स निर्माण में योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

उप जिला शिक्षा अधिकारी (शारीरिक शिक्षा) राजेश धुत और सह संयोजक मोहन राम रणवां ने जानकारी दी कि इस प्रतियोगिता में कुल 124 टीमों के 523 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 332 छात्र और 191 छात्राएं शामिल हैं।

कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रधानाचार्य अर्जुन लाल चौधरी ने आए हुए अतिथियों, भामाशाहों और समस्त ग्रामवासियों का स्वागत किया। मंच संचालन गोपाल सिंह सुंड़ा, मांगीलाल दुधवाल, मदन लाल जाखड़ एवं अन्य ने किया।

इस अवसर पर ब्लॉक विकास अधिकारी कुचामन सिटी सुनिल कुमार, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामेश्वर लाल खाचरिया, निदेशक बजरंग लाल रणवां (शेखावटी एजुकेशन ग्रुप लोसल), गोरधन लाल मिश्रा, प्रधानाचार्य उर्मिला गुर्जर (मण्डावरा), राजेन्द्र मुवाल (हिराणी), सोहन लाल (चारणवास), किशन लाल रूलानिया (परेवड़ी), गिरधारी आनंद (बलोतरा), भूराराम सेवदा (शेरगढ़), ओमप्रकाश गोठवाल (पांचवा), महेन्द्र आनंद (उपायुक्त मकराना), कमल रूलानिया (उप रजिस्ट्रार नागौर) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

error: News 1 Rajasthan