जश्ने-ईद-मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर कल मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी (रजि.) कुचामन सिटी के तत्वावधान में 15वां विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर आगामी सुबह 9 बजे से सायं 4 बजे तक इस्लामिया बालिका विद्यालय, गुलाबबाड़ी, होद का दरवाजा, कुचामन सिटी में आयोजित होगा।

यह शिविर मरहूम डॉ. हाजी शफी मोहम्मद राव और मरहूमा हाज्जन मुमताज बेगम राव की स्मृति में उनके सुपुत्र डॉ. मोहम्मद सलीम राव के सौजन्य से आयोजित हो रहा है । डॉ राव पिछले कई साल से ये आयोजन करा रहे हैं । इस नेक कार्य में उनके भाई डॉ. शकील अहमद राव और डॉ. साबिर राव भी सहयोग दे रहे हैं।
सोसायटी अध्यक्ष मोहम्मद शकील कुरैशी ने कहा कि “रक्तदान महादान है और इस्लाम मानवता की सेवा का पैगाम देता है। इस शिविर के जरिए न सिर्फ जरूरतमंद मरीजों को जीवन मिलेगा बल्कि समाज में भाईचारे और इंसानियत का पैगाम भी जाएगा।”
सोसायटी सचिव अकीक अहमद उस्मानी ने बताया कि “अब तक 14 शिविरों के माध्यम से हजारों यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है। इस बार भी अधिक से अधिक युवाओं और समाजसेवियों से जुड़ने की अपील की जाती है ताकि किसी भी जरूरतमंद की जान खून की कमी से न जाए।”

भामाशाह डॉ. मोहम्मद सलीम राव ने कहा कि “यह रक्तदान शिविर मेरे माता-पिता की याद में आयोजित किया जा रहा है। मेरा मानना है कि रक्तदान से बड़ी इंसानियत की सेवा और कोई नहीं हो सकती। जिस इंसान का खून किसी की जान बचा ले, उससे बड़ा सौभाग्य क्या हो सकता है।”
शिविर में राजकीय जिला चिकित्सालय कुचामन और कुचामन श्याम ब्लड सेंटर की टीम रक्त संग्रहण का कार्य करेगी। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें और मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।
