भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाने वाले RLP नेताओं का चुनाव में भाजपा को जवाब!भूराराम शेषमा ने मंत्री के भांजे को हराया, रामनिवास पोषक ने जिला प्रमुख के बेटे को दी शिकस्त

कभी पुलिस मुकदमों और कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में रहे RLP के दो नेताओं ने पंचायत चुनाव में दर्ज की शानदार जीत। जिला परिषद की हॉट सीट पर भूराराम शेषमा ने राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी के भांजे एवं भाजपा प्रत्याशी सुनील चौधरी को तीसरे स्थान पर पहुंचाया, वहीं रामनिवास पोषक ने वर्तमान जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी के पुत्र मोहन राम चौधरी को हराया।

डीडवाना-कुचामन। राजनीति में संघर्ष और सत्ता के बीच जनता का फैसला कई बार ऐसे नतीजे सामने लाता है, जो लंबे समय तक राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बने रहते हैं। डीडवाना-कुचामन जिले में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के दो नेताओं भूराराम शेषमा और रामनिवास पोषक की पंचायत चुनाव में जीत भी ऐसा ही घटनाक्रम है।


कुछ समय पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के कुचामन दौरे के दौरान उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध करने वाले RLP नेताओं में जिला प्रभारी भूराराम शेषमा और युवा नेता रामनिवास पोषक प्रमुख रूप से शामिल थे। उस समय विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस कार्रवाई, मुकदमों और हिरासत को लेकर भाजपा और RLP के बीच राजनीतिक टकराव सुर्खियों में रहा था।
लेकिन अब पंचायत चुनाव के नतीजों ने इस पूरे घटनाक्रम को एक नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है। जिन दोनों नेताओं के नाम उस समय विरोध प्रदर्शन और मुकदमों को लेकर चर्चा में थे, उन्होंने चुनाव मैदान में उतरकर अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के काफिले के सामने किया था प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई के बाद गरमाई थी सियासत

इसी साल 29 मई 2026 को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ कुचामन सिटी में भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान RLP के जिला प्रभारी भूराराम शेषमा और युवा नेता रामनिवास पोषक के नेतृत्व में दो दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को रोककर काले झंडे दिखाए और सरकार विरोधी नारेबाजी की।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। बाद में इस मामले में RLP नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए। रामनिवास पोषक ने उस समय आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ लगातार मुकदमे दर्ज कर उन्हें राजनीतिक रूप से परेशान किया जा रहा है। पुराने मामलों में कार्रवाई को लेकर भी RLP नेताओं ने पुलिस पर दबाव बनाने के आरोप लगाए थे।
उस समय RLP नेताओं और पुलिस के बीच टकराव का यह मामला जिले की राजनीति में काफी चर्चित रहा था।

जिला परिषद की हॉट सीट पर भूराराम शेषमा ने मंत्री के भांजे को पछाड़ा

पंचायत चुनाव में सबसे चर्चित मुकाबलों में से एक डीडवाना-कुचामन जिला परिषद का वार्ड संख्या 28 रहा। यहां RLP के जिला प्रभारी भूराराम शेषमा का मुकाबला भाजपा प्रत्याशी सुनील चौधरी और कांग्रेस के खेमाराम से था।
सुनील चौधरी का राजनीतिक परिचय भी इस मुकाबले को खास बनाता था। वे राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी के भांजे हैं। ऐसे में इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी की हार को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पंचायत चुनाव में जिला परिषद के वार्ड 28 के चुनाव के बाद हुई मतगणना के नतीजे इस प्रकार रहे:

भूराराम शेषमा (RLP) : 7,988 वोट
खेमाराम (कांग्रेस) : 5,135 वोट
सुनील चौधरी (भाजपा) : 4,197 वोट

भूराराम शेषमा ने कांग्रेस के खेमाराम को 2,853 मतों से हराकर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा के सुनील चौधरी तीसरे स्थान पर रहे।

यह परिणाम इसलिए भी चर्चा में रहा क्योंकि भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले RLP जिला प्रभारी ने चुनाव में भाजपा के एक प्रमुख राजनीतिक परिवार से जुड़े प्रत्याशी को पीछे छोड़ दिया।

रामनिवास पोषक ने जिला प्रमुख के बेटे को हराकर बढ़ाई राजनीतिक चर्चा

दूसरी ओर कुचामन पंचायत समिति के वार्ड संख्या 10 में RLP के युवा नेता रामनिवास पोषक ने भी जीत दर्ज की।
इस सीट पर भाजपा ने निवर्तमान जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी के पुत्र मोहन राम चौधरी को चुनाव मैदान में उतारा था। कांग्रेस की ओर से जगदीश राम भी मुकाबले में थे।

पंचायत चुनाव में कुचामन पंचायत समिति के वार्ड 10 के चुनाव के बाद हुई मतगणना के परिणाम इस प्रकार रहे:

रामनिवास पोषक (RLP) : 1,901 वोट
जगदीश राम (कांग्रेस) : 1,691 वोट
मोहन राम चौधरी (भाजपा) : 1,346 वोट

रामनिवास पोषक ने कांग्रेस के जगदीश राम को 210 मतों से पराजित किया, जबकि मोहन राम चौधरी तीसरे स्थान पर रहे।

निर्वतमान जिला प्रमुख भागीरथ चौधरी के पुत्र का चुनाव हारना क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। राजनीतिक विरासत और परिवार की पहचान के बावजूद मोहन राम चौधरी को जनता का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका।

दो अलग-अलग मुकाबले, एक जैसा राजनीतिक संदेश!

इन दोनों चुनावी परिणामों को एक साथ देखें तो RLP के लिए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। भूराराम शेषमा ने जिला परिषद की प्रतिष्ठापूर्ण सीट पर मंत्री विजय सिंह चौधरी के भांजे को पीछे छोड़ा, वहीं रामनिवास पोषक ने निवर्तमान जिला प्रमुख के पुत्र को चुनावी मुकाबले में शिकस्त दी।

गौरतलब है कि मदन राठौड़ के विरोध प्रदर्शन के बाद इन दोनों नेताओं को लेकर पुलिस कार्रवाई और मुकदमों की चर्चा हुई थी। RLP ने उस समय पुलिस कार्रवाई को राजनीतिक दबाव से जोड़कर सवाल उठाए थे। अब चुनाव में मिली जीत ने इस पुराने राजनीतिक विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है।

इन नतीजों को RLP के स्थानीय संगठन और कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है। हनुमान बेनीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने डीडवाना-कुचामन में अपनी राजनीतिक मौजूदगी का प्रदर्शन किया है।

कभी काले झंडे दिखाने को लेकर चर्चा में रहे भूराराम शेषमा और रामनिवास पोषक अब चुनावी जीत को लेकर सुर्खियों में हैं। एक ने मंत्री के भांजे को हराया तो दूसरे ने जिला प्रमुख के बेटे को। दोनों मुकाबलों में जनता के फैसले ने जिले की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

राजनीतिक संदेश यही है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान उठे सवाल अपनी जगह हैं, लेकिन चुनाव के दिन जनता का फैसला ही उम्मीदवारों की असली परीक्षा होता है।

error: News 1 Rajasthan