शिकायतें कागजों में कैद, जिम्मेदार अधिकारियों की नींद नहीं टूट रही; स्कूली बच्चों और वाहन चालकों पर मंडरा रहा हादसे का खतरा
कुचामन सिटी। शहर की मुख्य सीकर रोड पर बिजली विभाग और नगर परिषद की लापरवाही आमजन की सुरक्षा पर भारी पड़ती नजर आ रही है। सड़क से गली में मुड़ने वाले स्थान पर लगे बिजली ट्रांसफार्मर के आसपास न तो सुरक्षा घेरा है और न ही पोल के पास बने गड्ढे व खुली नाली को ढकने की कोई व्यवस्था। ऐसे में यहां से गुजरने वाले राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों की जान हर समय जोखिम में बनी हुई है।
हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर समस्या को लेकर पार्षद इकबाल टाक और सामाजिक कार्यकर्ता परसाराम बुगालिया पहले ही नगर परिषद प्रशासन को लिखित शिकायत दे चुके हैं।

सभापति को फोन पर भी समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक मौके पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे?
मुख्य सड़क पर खतरा, जिम्मेदार विभाग बेखबर
यह स्थान शहर की व्यस्त सड़क पर स्थित है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही रहती है। स्कूली वाहन, दोपहिया वाहन और पैदल राहगीर नियमित रूप से यहां से गुजरते हैं। ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा घेरा नहीं होने के साथ खुले और अस्त-व्यस्त तार तथा पास में खुली नाली और गड्ढा किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। बरसात या रात के अंधेरे में स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं, पार्षद ने जताई नाराजगी
पार्षद इकबाल टाक ने कहा कि मुख्य सड़क पर इस तरह की अव्यवस्था बनी रहना बेहद चिंता का विषय है। यहां से रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं। ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने और नाली खुली रहने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लिखित शिकायत और सूचना देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना समझ से परे है। नगर परिषद और विद्युत विभाग को संज्ञान लेकर जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करवानी चाहिए।

शहर के कई ट्रांसफार्मर बने खतरे का कारण
सामाजिक कार्यकर्ता एवं भगत सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष परसाराम बुगालिया ने मौके की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि शहर में कई स्थानों पर बिजली ट्रांसफार्मर खुले में लगे हुए हैं। अनेक ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा घेरे का अभाव है और बिजली के तार भी खुले व अस्त-व्यस्त दिखाई देते हैं। ऐसे हालात में आम नागरिकों, बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
उन्होंने नगर परिषद और विद्युत विभाग से मांग की कि शहरभर में ऐसे खतरनाक ट्रांसफार्मरों को चिन्हित कर संबंधित विद्युत विभाग के सहयोग से उनके चारों ओर मजबूत सुरक्षा घेरे बनवाए जाएं। साथ ही खुली नालियों पर लोहे की जालियां लगवाई जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
उच्चाधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग
सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा यह मामला अब स्थानीय शिकायतों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों और नगर परिषद के जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण करवाना चाहिए। संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और शहर के सभी असुरक्षित ट्रांसफार्मरों का सुरक्षा ऑडिट करवाया जाना चाहिए।

बड़ा सवाल यह है कि बिजली विभाग और नगर परिषद आखिर किस हादसे का इंतजार कर रहे हैं? आम आदमी की जान की कीमत किसी दुर्घटना के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले समझी जानी चाहिए। सुरक्षा घेरा, खुले तारों की दुरुस्ती और नालियों पर जालियां लगाना कोई बड़ी मांग नहीं, बल्कि प्रशासन की बुनियादी जिम्मेदारी है।
