कुचामन सिटी। नवरात्रि पर्व के अवसर पर लॉयन्स क्लब कुचामन फोर्ट की ओर से कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देवी स्वरूप कन्याओं का तिलक लगाकर पूजन किया गया तथा आरती कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान बालिकाओं को दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और उपहार स्वरूप शिक्षण सामग्री एवं फ्रूट किट भेंट की गई।
कार्यक्रम में क्लब के संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा, निवर्तमान अध्यक्ष लॉयन रेखा काबरा, सचिव लॉयन विष्णु मोयल, सह सचिव लॉयन स्नेहा अग्रवाल एवं लॉयन सोनू अग्रवाल ने कन्याओं का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए फ्रूट किट कागज की थैलियों में प्रदान की गईं और प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की अपील की गई।
इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष लॉयन राम काबरा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या पूजन नारी सम्मान का प्रतीक है। यह केवल एक पारंपरिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और महत्व का संदेश देने का माध्यम है। जिस समाज में बेटियों को मान-सम्मान मिलता है, वहां सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण होता है। बेटियां समाज की नींव हैं और उनकी सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करना सभी का दायित्व है।
निवर्तमान अध्यक्ष लॉयन रेखा काबरा ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से क्लब ने नवरात्रि पर्व की खुशियां छोटी-छोटी बालिकाओं के साथ साझा कीं। उपहार पाकर बालिकाओं के चेहरों पर आई मुस्कान देखकर क्लब के सदस्यों को भी आत्मिक सुकून और खुशी का अनुभव हुआ।
कार्यक्रम के माध्यम से क्लब ने नवरात्रि के पावन पर्व पर नारी सम्मान, बेटी सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया।
