एक माह में दोबारा बनेगी गौशाला मार्ग की सड़क, गुणवत्ता से समझौता करने पर ब्लैक लिस्ट और वसूली की चेतावनी
कुचामन शहर में चल रहे सड़क एवं अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर नगर परिषद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को नगर परिषद सभापति महेश रामचन्द्रका ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नवनिर्मित एवं निर्माणाधीन सड़कों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, इस मौके पर पार्षद हेमराज पारीक भी उनके साथ रहे । इस दौरान गौशाला मार्ग पर गारंटी अवधि में ही सड़क क्षतिग्रस्त मिलने पर सभापति ने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर कड़ी फटकार लगाई।
गारंटी अवधि में सड़क क्षतिग्रस्त, ठेकेदार को किया तलब
सभापति महेश रामचन्द्रका और पार्षद हेमराज पारीक निरीक्षण के दौरान गौशाला मार्ग पहुंचे। यहां आस्था कन्स्ट्रक्शन की ओर से निर्मित सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त मिली। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के साथ रोड़ी उखड़ने लगी थी तथा कई हिस्सों में सड़क की ऊपरी परत भी खराब हो चुकी थी। गारंटी अवधि में सड़क की यह स्थिति सामने आने पर सभापति ने निर्माण की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई।
उन्होंने संबंधित ठेकेदार राजेश प्रजापत को तत्काल मौके पर बुलाया और सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री, तकनीकी गुणवत्ता एवं गारंटी अवधि के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान सड़क निर्माण कार्य से संबंधित सिक्योरिटी डिपॉजिट (एसडी) की जानकारी भी प्राप्त की गई। सभापति ने ठेकेदार से शहर में उसके द्वारा करवाए गए अन्य निर्माण कार्यों और वर्तमान में चल रहे कार्यों की भी जानकारी ली।
‘जनता के पैसे से होने वाले काम में गुणवत्ता से समझौता नहीं’
इस मौके पर सभापति महेश रामचन्द्रका ने कहा कि नगर परिषद की ओर से करवाए जा रहे विकास कार्य जनता के पैसे से होते हैं, इसलिए इन कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए निर्धारित तकनीकी मापदण्डों और गुणवत्ता मानकों की पूरी तरह पालना होनी चाहिए।
सभापति ने कहा कि सिर्फ सड़क बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सड़क ऐसी होनी चाहिए जो निर्धारित अवधि तक मजबूत और टिकाऊ रहे। उन्होंने अधिकारियों एवं संबंधित निर्माण एजेंसियों को कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल या निर्धारित मानकों की अनदेखी पाई गई तो संबंधित ठेकेदार या फर्म के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के साथ ही नियमानुसार वसूली की कार्रवाई भी की जाएगी।
कुचामन वैली में ब्लॉक रोड की गुणवत्ता के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभापति ने कुचामन वैली परिसर में निर्माणाधीन ब्लॉक रोड का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्माण कार्य में निर्धारित मापदण्डों और सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
सभापति ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में चल रहे प्रत्येक विकास कार्य की गुणवत्ता प्राथमिकता में है। निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी।
एक माह में दोबारा बनेगी गौशाला रोड
गौशाला मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क को लेकर सभापति की नाराजगी के बाद ठेकेदार राजेश प्रजापत ने सड़क का पुनर्निर्माण करवाने का आश्वासन दिया। ठेकेदार ने बताया कि एक माह के भीतर सड़क को दोबारा बनाया जाएगा।
सभापति ने निर्देश दिए कि पुनर्निर्माण के दौरान निर्धारित तकनीकी मापदण्डों और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़क का पुनर्निर्माण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि कार्य की गुणवत्ता ऐसी होनी चाहिए कि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ बनी रहे।
विकास कार्यों पर लगातार रहेगी नजर
नगर परिषद की ओर से शहर में चल रहे सड़क एवं अन्य विकास कार्यों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाएगी। सभापति रामचन्द्रका ने कहा कि शहर के विकास में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
