‘स्वच्छ डीडवाना, स्वच्छ भारत’ अभियान में शामिल हुए विधायक यूनुस खान,सभापति भंवर लाल सहित जनप्रतिनिधि और नागरिक। डीडवाना से दिया देश को स्वच्छता का संदेश

करीब 20 पार्षदों व 60 सफाईकर्मियों ने किया श्रमदान | महिला पार्षदों ने भी उठाई कचरे की तगारियां


डीडवाना। आमतौर पर जनप्रतिनिधियों के हाथों में विकास योजनाओं की फाइलें और बैठकों के दस्तावेज नजर आते हैं, लेकिन डीडवाना में सोमवार की सुबह तस्वीर कुछ अलग थी। यहां विधायक यूनुस खान ने परिवार और जनप्रतिनिधियों के साथ खुद झाड़ू थामी और सड़कों पर उतरकर सफाई की। उनके साथ नगर परिषद के सभापति भंवरलाल पंवार, पार्षद, कार्यकर्ता और सफाईकर्मी भी जुट गए। करीब तीन घंटे चले इस श्रमदान ने शहरवासियों को साफ-सफाई का सीधा संदेश दिया कि स्वच्छ शहर केवल सफाईकर्मियों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।


बालिया रोड से शुरू हुआ अभियान, साल्ट रोड और सिंघी चौराहे तक पहुंचा


नगर परिषद में नए बोर्ड के गठन के बाद विधायक यूनुस खान ने ‘स्वच्छ डीडवाना, स्वच्छ भारत’ अभियान का शुभारंभ बालिया रोड से किया। इसके बाद साल्ट रोड और सिंघी तलाई चौराहे सहित अन्य क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाया गया।
विधायक यूनुस खान ने स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर सड़कों से धूल, कचरा और गंदगी साफ की। उनके साथ सभापति भंवरलाल पंवार, पूर्व चेयरमैन हीरालाल सोलंकी, पार्षद केडी कुरैशी, बजरंग पंवार सहित करीब 20 पार्षद और 60 सफाईकर्मी भी अभियान में जुटे रहे।
महिला पार्षदों ने भी पीछे नहीं हटते हुए कचरे की तगारियां उठाईं और श्रमदान किया। इस दौरान कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी सफाई अभियान में शामिल हुए।


विधायक की पहल बनी मिसाल


अभियान की सबसे खास तस्वीर यह रही कि क्षेत्रीय विधायक स्वयं सड़क पर झाड़ू लगाते नजर आए। विधायक यूनुस खान ने कहा कि ‘अपने हिस्से का काम करना पड़ता है’ और इसी सोच के साथ उन्होंने सफाई अभियान में स्वयं भाग लिया है।


उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ कचरा उठाना नहीं, बल्कि लोगों में यह भावना पैदा करना है कि “मेरा घर, मेरी गली, मेरा मोहल्ला, मेरा वार्ड और मेरा शहर स्वच्छ होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि स्वच्छता नगर परिषद या सफाई कर्मचारियों की अकेली जिम्मेदारी नहीं है। जब जनप्रतिनिधि और आम नागरिक स्वयं इसमें भागीदारी करेंगे, तभी शहर को स्थायी रूप से स्वच्छ बनाया जा सकेगा।


सभापति भंवरलाल पंवार बोले—अभियान को दीपावली तक जारी रखेंगे


नगर परिषद डीडवाना के सभापति भंवरलाल पंवार ने कहा कि नए बोर्ड की प्राथमिकता शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने कहा कि सफाई अभियान को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि दीपावली तक शहर के सभी 40 वार्डों में चरणबद्ध तरीके से अभियान चलाया जाएगा।
सभापति ने कहा कि संबंधित वार्ड के पार्षद अभियान में नेतृत्व करेंगे और नगर परिषद का सफाई अमला आवश्यक संसाधनों के साथ सहयोग करेगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर परिषद की ओर से सफाई करने के साथ-साथ नागरिक भी अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाएं।

स्वच्छ डीडवाना, स्वच्छ भारत’ अभियान के तहत दीपावली तक शहर के सभी 40 वार्डों में सफाई और जनजागृति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विधायक खान ने शहरवासियों से अपील की कि वे कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और अपने आसपास गंदगी जमा न होने दें।


विधायक यूनुस खान ने कहा कि स्वच्छ डीडवाना केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा संकल्प है। यदि शहर का हर व्यक्ति अपने हिस्से की जिम्मेदारी निभाए तो डीडवाना को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सकता है।


वर्षों से बंद नाला भी खुलवाया, तीन से चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कचरा निकला


अभियान के दौरान वर्षों से बंद पड़े एक नाले की सफाई कर उसे सुचारू किया गया। मौके से करीब तीन से चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में कचरा और मलबा हटाया गया।
नगर परिषद की ओर से एसआई, ठेकेदारों के सफाई कर्मचारी, ऑटो टिपर, जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी अभियान में लगाया गया।


पहली नगर परिषद बैठक में सफाई व्यवस्था बनेगी प्रमुख मुद्दा


विधायक यूनुस खान ने कहा कि नगर परिषद की जल्द होने वाली पहली बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को प्रमुख मुद्दे के रूप में रखा जाएगा। सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
उन्होंने नगर परिषद में वर्षों से प्रतिनियुक्ति पर दूसरे विभागों में कार्यरत कार्मिकों के विषय में भी बैठक में चर्चा किए जाने की बात कही। उनका कहना था कि शहर की सफाई और नगर परिषद की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक मानव संसाधन सुनिश्चित करना जरूरी है।


कार्यक्रम में सभापति भंवरलाल पंवार, पार्षद कयामुद्दीन कुरैशी, असलम रंगरेज, राहुल रूवटिया, मुन्नी बेगम, मोहम्मद शाहिद खत्री, पंकज टाक, आदिल कुरैशी, लक्ष्मी देवी सैनी, बजरंग पंवार, फजिलत बानो सहित पूर्व चेयरमैन हीरालाल सोलंकी, पूर्व पार्षद सुरेश तंवर, सदीक खां, शंकरलाल सैनी, यूनुस खोखर, विक्रम भाट, एडवोकेट अनवर खां, श्यामसुन्दर सैन, राजेश चौहान, अमजद खां पठान, रतन पंवार, नेहा गौड़, आसिफ रंगरेज सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे।

error: News 1 Rajasthan